उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया का किया निरीक्षण

TN5-Bhopal021125084850

बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और साफ-सफाई व्यवस्था दुरूस्त रखने के दिए निर्देश

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सेमरिया का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और साफ-सफाई व्यवस्था दुरूस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में प्रतिदिवस होने वाली ओपीडी की जानकारी प्राप्त की। बताया गया कि अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 250 ओपीडी होती है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने ओपीडी के साथ ही आईडी बनवाकर टेलीमेडिसिन चिकित्सा प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टेलीमेडिसिन के माध्यम से जिला चिकित्सालय व संजय गांधी अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों से मरीजों के संबंध में स्थानीय चिकित्सक उचित मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने चिकित्सालय में की जाने वाली जांचों के विषय में जानकारी लेते हुए कहा कि अस्पताल में होने वाली जाँच यहाँ कराएं और अन्य जाँच के लिए जिला चिकित्सालय भेजें। निजी जाँच केन्द्रों में जाँच न कराई जाए। उन्होंने संस्थागत प्रसव को बढ़ाने तथा गर्भवती महिलाओं की समय-समय पर की जाने वाली जाँच की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं की जानकारी रखें तथा उनकी जाँच में सहयोग करें। इसके लिए चिकित्सालय के चिकित्सक आशा कार्यकर्ताओं के सतत संपर्क में रहें।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल को अस्पताल के वार्डों तथा अन्य कक्षों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। निरीक्षण के दौरान शौचालयों में साफ-सफाई न होने पर उप मुख्यमंत्री ने नाराजगी व्यक्त की तथा अपने सामने ही सफाई का कार्य प्रारंभ कराया। उन्होंने हिदायत दी कि अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्थित ढंग से रहे। यह जिम्मेदारी इंचार्ज की है अन्यथा उनके विरूद्ध कार्यवाही की जाए तथा सफाई न रखने वाले सफाई कर्मियों को भी बदला जाए।

निर्माणाधीन अस्पताल भवन का किया निरीक्षण

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने सेमरिया में निर्माणाधीन अस्पताल भवन का निरीक्षण किया तथा गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवीन भवन के बन जाने से चिकित्सकीय स्टाफ में वृद्धि होगी तथा चिकित्सा सुविधाएं भी और बेहतर मिलेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *