कैसे पहचानें कि आपका स्मार्टफोन हैक हुआ है या नहीं?

टेक्नोलॉजी के इस दौर में स्मार्टफोन हमारे लिए सिर्फ कॉल या चैट का साधन नहीं, बल्कि मिनी कंप्यूटर, कैमरा, फाइनेंशियल असिस्टेंट और पर्सनल डेटा स्टोर बन चुका है। बैंकिंग ऐप्स, सोशल मीडिया अकाउंट्स और निजी जानकारी हमेशा फोन में मौजूद रहती है, इसलिए हैकर्स की नजरें भी उस पर बनी रहती हैं।
इंटरनेट से जुड़े रहने पर हैकिंग के खतरे को पूरी तरह खत्म करना संभव नहीं, लेकिन समय रहते संकेत पहचान लिए जाएं तो बड़ा नुकसान होने से बचा जा सकता है।
आइए जानते हैं वे संकेत जिनसे समझा जा सकता है कि आपका फोन हैक हो चुका है या नहीं—
1. बैटरी का असामान्य रूप से कम होना या फोन का ज्यादा गर्म होना
अगर फोन की बैटरी अचानक बहुत तेज़ी से खत्म होने लगे या डिवाइस बार-बार ओवरहीट हो, तो संभव है कि कोई हानिकारक ऐप या स्पाईवेयर बैकग्राउंड में सक्रिय हो।
क्या करें:
बैटरी सेटिंग्स में जाकर देखें कि कोई अनजान ऐप असामान्य रूप से ज्यादा पावर तो नहीं खपत कर रही है।
2. डेटा का तेजी से खर्च होना
हैकर अक्सर रिमोट एक्सेस टूल्स के जरिए फोन में घुसपैठ करते हैं और बिना बताए डेटा भेजते-लेते रहते हैं।
क्या करें:
डेटा यूज़ेज़ चेक करें।
अगर कोई अनजान ऐप बहुत डेटा इस्तेमाल कर रही है, तो यह खतरे का संकेत है।
3. अजीब पॉप-अप या सेटिंग्स में बदलाव
अगर फोन में अचानक अनजान ऐप्स दिखने लगें, बार-बार पॉप-अप आने लगें या परमिशन बदल जाए, तो ये एडवेयर/मैलवेयर के संकेत हो सकते हैं।
क्या करें:
इंस्टॉल्ड ऐप लिस्ट चेक करें।
परमिशन और सिस्टम सेटिंग्स में हुए बदलावों पर नजर रखें।
4. फोन का स्लो होना या बार-बार रीस्टार्ट होना
अगर फोन हैंग होने लगे, ऐप्स बार-बार क्रैश हों या डिवाइस अपने आप रीस्टार्ट हो, तो यह मैलवेयर की वजह हो सकता है।
खासतौर पर अगर किसी नए ऐप या फाइल इंस्टॉल करने के बाद ऐसा होने लगे तो ज़रूर सावधान हो जाएं।
5. संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देना
हैकर डिवाइस का उपयोग मैलवेयर फैलाने या अकाउंट्स तक पहुंचने के लिए कर सकते हैं।
किन बातों पर ध्यान दें:
आपके नंबर से अज्ञात कॉल/मैसेज भेजे जाना
सोशल मीडिया या ईमेल में अनजान लोकेशन से लॉगिन
बैंक खातों में गड़बड़ी
स्मार्टफोन सिक्योरिटी बेहद जरूरी है। अगर ऊपर बताए संकेत आपके फोन में दिख रहे हैं, तो सावधान हो जाएं। तुरंत संदेहास्पद ऐप्स हटाएं, पासवर्ड बदलें और जरूरत पड़ने पर प्रोफेशनल सहायता लें।
