छत्तीसगढ़ में बड़ा बदलाव: रायपुर में 1 नवंबर से लागू होगी पुलिस कमिश्नर प्रणाली

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अब कानून-व्यवस्था की तस्वीर बदलने वाली है। राज्य सरकार के निर्देश पर 1 नवंबर से पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू की जाएगी। इस नई व्यवस्था के लिए तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं।
डीजीपी अरुणदेव गौतम ने आदेश जारी करते हुए इसकी रूपरेखा तय करने के लिए 7 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी सिस्टम के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक ढांचा और व्यवस्थाओं पर काम करेगी।
सरकार का मानना है कि पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होने से राजधानी में कानून-व्यवस्था और भी सख्त और प्रभावी होगी। यातायात प्रबंधन, अपराध नियंत्रण और आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है।
राजधानी रायपुर के नागरिकों को भी इस फैसले से सुरक्षा और व्यवस्था के नए अनुभव मिलने की संभावना है। यह व्यवस्था प्रदेश की पुलिसिंग व्यवस्था में एक बड़ा प्रशासनिक सुधार माना जा रहा है।
