जीवन में अंधकार से मुक्ति दिलाती है शिक्षा : राज्यमंत्री श्री पंवार

TN5-Bhopal020426090602
Share this post

मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पंवार ने गुरुवार को राजगढ़ जिले के ब्यावरा में ‘प्रवेशोत्सव कार्यक्रम 2026’ का शुभारंभ किया। ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के अंतर्गत शासकीय बालक हाई-स्कूल में आयोजित कार्यक्रम विद्यार्थियों को नि:शुल्क साइकिल और पाठ्य-पुस्तकें वितरित की गईं। राज्यमंत्री श्री पंवार ने कहा कि शिक्षा जीवन का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में बीते 2 वर्षों में शिक्षा की गुणवत्ता और मूलभूत सुविधाएं लगातार बेहतर हो रही हैं। जिससे अभिभावकों का विश्वास शासकीय विद्यालयों के प्रति बढ़ा है और नामांकन में भी लगभग 32.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है।

राज्यमंत्री श्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में हमारा संकल्प है कि वर्ष 2047 तक हम विश्व की अग्रणी शक्ति के रूप में स्थापित हों। इसमें हमारे विद्यार्थियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। ज्ञान, नवाचार और संस्कारों के बल पर हमारे युवा देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। राज्यमंत्री श्री पंवार ने ब्यावरा विधानसभा में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का विस्तार से उल्लेख करते हुए बताया कि क्षेत्र में शिक्षा के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। ब्यावरा की बालिकाओं के लिए नवीन कन्या विद्यालय की घोषणा की गई है, जो जल्द ही साकार होगी। ग्रामीण छात्राओं की सुविधा के लिए 100 बेड का नवीन छात्रावास भी तैयार हो चुका है। सांदीपनी विद्यालय का निर्माण कार्य प्रगति पर है और क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार सहित अनेक विकास कार्य लगातार जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *