दिल्ली में फरहान अख्तर की फिल्म ‘120 बहादुर’ टैक्स फ्री, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के फैसले पर अभिनेता ने जताया आभार

Untitled-7

राजधानी दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बॉलीवुड अभिनेता फरहान अख्तर की हालिया रिलीज फिल्म ‘120 बहादुर’ को टैक्स फ्री करने का बड़ा फैसला लिया है। यह निर्णय बहादुर सैनिकों के प्रति विशेष सम्मान और श्रद्धांजलि के रूप में लिया गया है। सरकार का मानना है कि फिल्म में सैनिकों के साहस और बलिदान को जिस संवेदनशील तरीके से दिखाया गया है, वह देशवासियों को प्रेरित करेगा।

फरहान अख्तर की यह फिल्म 21 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और एक सप्ताह के भीतर ही दिल्ली सरकार ने इसे टैक्स फ्री घोषित कर दिया है। गुरुवार रात मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की कि ‘120 बहादुर’ अब दिल्ली में टैक्स फ्री होगी, जिसके बाद दर्शकों को टिकट पर कम कीमत का लाभ मिलेगा।

सरकार के इस फैसले पर अभिनेता फरहान अख्तर ने खुशी और आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए लिखा,
“दिल्ली में अब ‘120 बहादुर’ टैक्स फ्री हो गई है। दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी का उनके सपोर्ट के लिए आभारी हूं। उनके इस सपोर्ट से साहस की यह कहानी और भी दूर तक पहुंच जाएगी।”

फरहान ने कहा कि यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि उन वीर सैनिकों की कहानी है, जिन्होंने देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। ऐसे में टैक्स फ्री होने से फिल्म ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुँचेगी और सैनिकों की वीरता को देखने और समझने का अवसर हर तबके के दर्शक को मिलेगा।

दिल्ली सरकार की ओर से कहा गया कि ‘120 बहादुर’ जैसी फिल्मों को टैक्स फ्री किया जाना समाज में देशभक्ति और सैन्य बलों के प्रति सम्मान बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। सरकार चाहती है कि इस फिल्म के जरिए युवा पीढ़ी सैनिकों के संघर्ष और वीरता से प्रेरणा ले सके।

फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों दोनों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, और टैक्स फ्री होने के बाद इसके बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन में और वृद्धि होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed