बॉक्स ऑफिस पर पिटने के बाद ‘द राजा साब’ की OTT रिलीज की तैयारी, जानिए कब और कहां देख पाएंगे फिल्म

सिनेमाघरों में आलोचनाओं और बेहद कमजोर बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन से जूझ रही प्रभास की फिल्म ‘द राजा साब’ को लेकर अब ओटीटी रिलीज से जुड़ी बड़ी जानकारी सामने आई है। मेकर्स थिएटर में हुए नुकसान की भरपाई के लिए फिल्म को जल्द डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उतारने की तैयारी में हैं। सोशल मीडिया और इंडस्ट्री सूत्रों के मुताबिक ‘द राजा साब’ फरवरी के आखिर तक या फिर मार्च के पहले हफ्ते में ओटीटी पर रिलीज की जा सकती है।
‘बाहुबली’ फेम सुपरस्टार प्रभास के लिए यह फिल्म किसी बड़े झटके से कम नहीं रही। 300 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बनी यह हॉरर-कॉमेडी रिलीज के बाद दर्शकों को खास प्रभावित नहीं कर पाई। हालत यह रही कि दूसरे दिन से ही फिल्म की कमाई में तेज गिरावट देखने को मिली। 10 दिनों में फिल्म भारत में महज 139.01 करोड़ रुपये का कारोबार ही कर सकी, जबकि पहले वीकेंड में पेड प्रीव्यूज के साथ इसने 108 करोड़ रुपये कमा लिए थे। इसके बावजूद आगे की रफ्तार पूरी तरह थम गई।
मारुति के निर्देशन में बनी ‘द राजा साब’ 9 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रिलीज के समय ही इसके डिजिटल स्ट्रीमिंग पार्टनर का खुलासा हो गया था और मेकर्स ने जियो हॉटस्टार के साथ ओटीटी डील की पुष्टि की थी। अब माना जा रहा है कि थिएटर रन खत्म होने से पहले ही फिल्म को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने की रणनीति बनाई गई है।
फिल्म में प्रभास के साथ संजय दत्त, निधि अग्रवाल, मालविका मोहनन, रिद्धी कुमार और जरीना वहाब अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। कहानी राजू उर्फ राजा साब के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी दादी गंगा मां के साथ गांव में रहता है। उसकी दादी अपने पति कनकराजू को याद करती रहती हैं, जो एक चोर की तलाश में रहस्यमय ढंग से लापता हो गए थे। जब राजू को अपने दादा के हैदराबाद में होने की जानकारी मिलती है और वह वहां पहुंचता है, तो उसे एक डरावनी सच्चाई का सामना करना पड़ता है। इसी दौरान उसे पता चलता है कि उसकी दादी देवनगर साम्राज्य की राजकुमारी हैं।
कुल मिलाकर थिएटर में निराश करने के बाद अब ‘द राजा साब’ को ओटीटी से बड़ी उम्मीदें हैं, जहां यह ज्यादा दर्शकों तक पहुंचकर अपनी किस्मत बदलने की कोशिश करेगी।
