रायपुर : शिकार के पूर्व तीन शिकारी गिरफ्तार

1756806602_d6987f663fffd73a74e6

वन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार वन्य प्राणियों के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में सख्त कार्रवाई करते हुए बलौदाबाजार वनमण्डल ने शिकार की एक बड़ी साजिश को विफल किया है। वनमण्डलाधिकारी बलौदाबाजार श्री धम्मशील गणवीर ने बताया कि देवपुर वन परिक्षेत्र की टीम ने 31 अगस्त 2025 की रात कसौंदी बीट में गश्त के दौरान शिकार की योजना बना रहे तीन आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। ये आरोपी विद्युत जीआई तार को 11 केवी लाइन से जोड़कर वन्य प्राणियों का शिकार करने की कोशिश कर रहे थे। इन आरोपियों से मौके पर जीआई तार, दवाइयों की खाली शीशियाँ, लकड़ी की खूंटी, प्लास्टिक कवर पाइप और बांस की डांगिनी जैसी सामग्री जब्त की गई।

वनमण्डलाधिकारी बलौदाबाजार श्री धम्मशील गणवीर ने बताया कि यह सफलता विगत दिनों आयोजित बैठक और रात्रिकालीन गश्त की सुदृढ़ व्यवस्था का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस त्वरित कार्रवाई में संभावित शिकार को रोका, जिसका सारा श्रेय वन विभाग की सजगता और तत्परता को जाता है।
गिरफ्तार आरोपियों में बालाराम बरिहा (50 वर्ष), गणेशराम बरिहा (28 वर्ष) और गुनसागर बरिहा (51 वर्ष) सभी ग्राम कुम्हारी, थाना राजादेवरी, जिला बलौदाबाजार निवासी हैं। इन आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 एवं संशोधित अधिनियम 2022 की धाराओं के अंतर्गत अपराध दर्ज कर उन्हें जेल भेजा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed