वाराणसी से पीएम मोदी का बड़ा संदेश, बोले– 2036 ओलिंपिक की मेजबानी के लिए भारत मजबूत दावेदार

PM-Modi-13-322x184

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि वर्ष 2014 के बाद भारत के खेल प्रदर्शन में लगातार सुधार हुआ है और देश वैश्विक खेल मंच पर एक मजबूत पहचान बना रहा है। उत्तर प्रदेश के वाराणसी से 72वें राष्ट्रीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का ऑनलाइन उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि भारत 2036 के ओलिंपिक खेलों की मेजबानी के लिए एक सशक्त दावेदार के रूप में उभर रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने खेल क्षेत्र में कई अहम सुधार किए हैं, जिनमें राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम और खेलो भारत नीति जैसे कदम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आज देश का खेल मॉडल पूरी तरह खिलाड़ियों के अनुकूल बनाया गया है, जिसका असर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत की बढ़ती सफलता के रूप में साफ दिखाई देता है।

श्री मोदी ने कहा कि सरकार खेल प्रतिभाओं की पहचान, उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, संतुलित पोषण और पारदर्शी चयन प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ी देश का नाम रोशन कर रहे हैं और पूरे देश को उन पर गर्व है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि जब हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाता है, तभी देश आगे बढ़ता है और भारत इसी भावना के साथ विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।

वॉलीबॉल का उदाहरण देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह खेल टीम भावना को मजबूत करता है और इसकी प्रकृति देश की विकास यात्रा जैसी है, जहां सभी के सहयोग से ही सफलता मिलती है।

72वां राष्ट्रीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट 11 जनवरी तक चलेगा, जिसमें देशभर से एक हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस बड़े खेल आयोजन के साथ वाराणसी भी राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर अपनी एक नई पहचान बना रहा है, जिससे शहर को खेल पर्यटन और युवाओं के लिए नए अवसर मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed