आयुष मंत्री श्री परमार की अध्यक्षता में पं. खुशीलाल शर्मा आयुर्वेद महाविद्यालय की साधारण सभा की हुई बैठक

TN5-Bhopal080426064132
Share this post

उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री श्री इन्दर सिंह परमार की अध्यक्षता में मंगलवार को, भोपाल स्थित पं. खुशीलाल शर्मा शासकीय स्वशासी आयुर्वेद महाविद्यालय एवं संस्थान में, महाविद्यालय की साधारण सभा की बैठक हुई। मंत्री श्री परमार ने महाविद्यालयीन गतिविधियों, विकास कार्यों एवं आगामी कार्ययोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की और विभिन्न प्रस्तावित बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा कर, आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 का वार्षिक वित्तीय प्राक्कलन (बजट) का अनुमोदन पारित किया गया। साथ ही संस्थान चिकित्सालय के पैथोलॉजी विभाग में ई.एम.जी./ ई.ई.जी./ ईको-कॉडियोग्राफी/अल्ट्रा सोनोग्राफी की दरों का निर्धारण भी किया गया।

बैठक में संस्थान में शिक्षण एवं चिकित्सालयीन सुविधाओं पर चर्चा की और विभिन्न बाह्य संस्थानों द्वारा प्रायोजित परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंत्री श्री परमार ने संस्थान परिसर में 5 एकड़ में विकसित हर्बल गार्डन के और अधिक विस्तार के लिए आवश्यक प्रयास करने के लिये निर्देशित किया। उन्होंने आदिवासी अंचलों में प्रचलित आयुर्वेदिक उपचार पद्धतियों पर, वैज्ञानिक दृष्टिकोण के अनुरूप शोध किए जाने की दिशा में कार्य करने को कहा।

बैठक में संस्थान की आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा करते हुए मंत्री श्री परमार ने, अकादमिक ब्लॉक, एनिमल हाउस, फार्मेसी भवन एवं इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की पूर्णता, यू.जी. बॉयज हॉस्टल के निर्माण प्रारंभ करने तथा चिकित्सालय में इमरजेंसी यूनिट, आईसीयू एवं एनआईसीयू की स्थापना सहित विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तृत मंथन कर आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही संस्थान की प्रयोगशाला को एनएबीएल (NABL) प्रत्यायन दिलाने एवं संस्थान द्वारा अंतर्राष्ट्रीय शोध पत्रिका के प्रकाशन पर भी चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त पी.जी. बॉयज हॉस्टल (150 सीट) एवं पी.जी. गर्ल्स हॉस्टल के निर्माण प्रस्ताव, दो नए विषयों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम प्रारंभ करने के लिये 50 अतिरिक्त शैय्याओं की वृद्धि तथा बजट, आय-व्यय एवं आवश्यक वित्तीय प्रावधानों पर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही संस्थान की स्वयं की वेबसाइट के माध्यम से शुल्क प्राप्त करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। मंत्री श्री परमार ने, धार एवं बड़वानी जिलों में सिकल सेल रोगियों के लिए आयुर्वेदिक औषधियों के सहायक उपचार पर आधारित अध्ययन रिपोर्ट का विमोचन किया।

बैठक में उच्च शिक्षा उत्कृष्टता संस्थान भोपाल एवं पं खुशीलाल शर्मा आयुर्वेद संस्थान के बीच एम.ओ.यू. (MOU with IEHE), भोपाल मिलिट्री स्टेशन में हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर संचालन के लिए एम.ओ.यू तथा भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान के साथ एम.ओ.यू हस्ताक्षर किये जाने की सूचना से सामान्य परिषद् को अवगत कराया गया।

बैठक में अपर सचिव आयुष डॉ. संजय मिश्र एवं संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. उमेश शुक्ला सहित साधारण सभा के विभिन्न सदस्यगण एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *