ईसीआईनेट ऐप को बेहतर बनाने के लिए चुनाव आयोग ने नागरिकों से मांगे सुझाव

भारत के चुनाव आयोग ने अपने नए डिजिटल प्लेटफॉर्म ईसीआईनेट ऐप को और बेहतर बनाने के लिए आम नागरिकों से सुझाव आमंत्रित किए हैं। यह एकीकृत ऐप मतदाताओं को चुनाव से जुड़ी सभी अहम जानकारियां और सेवाएं एक ही जगह पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। आयोग ने कहा है कि नागरिक 10 जनवरी तक ईसीआईनेट ऐप में मौजूद सबमिट अ सजे़शन टैब के जरिए अपने सुझाव और फीडबैक भेज सकते हैं ताकि ऐप को और अधिक उपयोगी और सहज बनाया जा सके।
चुनाव आयोग के मुताबिक ईसीआईनेट ऐप का ट्रायल वर्जन कई नई और बेहतर सुविधाओं के साथ तैयार किया गया है। इसके जरिए मतदाताओं को वोटर सेवाओं तक तेज और आसान पहुंच मिलती है, साथ ही मतदान के दौरान और बाद में पोलिंग प्रतिशत से जुड़े आंकड़े भी पहले से कहीं ज्यादा जल्दी उपलब्ध हो जाते हैं। इसके अलावा चुनाव खत्म होने के 72 घंटे के भीतर ही इंडेक्स कार्ड प्रकाशित किए जा सकते हैं, जबकि पहले इस प्रक्रिया में कई हफ्ते या कई बार महीनों तक का समय लग जाता था।
आयोग ने बताया कि इस ऐप को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 और उसके बाद हुए उपचुनावों के दौरान सफलतापूर्वक आजमाया गया था, जहां इसके जरिए चुनाव से जुड़ी जानकारियों के प्रसार और प्रबंधन में काफी मदद मिली। अब इसे देशभर में लागू करने से पहले नागरिकों से मिले सुझावों के आधार पर और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। चुनाव आयोग का मानना है कि आम लोगों की राय से ईसीआईनेट ऐप को ज्यादा यूजर फ्रेंडली, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाया जा सकेगा, जिससे आने वाले चुनावों में मतदाताओं को बेहतर डिजिटल अनुभव मिलेगा।
