ऑपरेशन सिंदूर में चमकी भारतीय ड्रोन तकनीक, भोपाल में ‘ड्रोन तकनीक कार्यशाला एवं एक्सपो-2025’ का शुभारंभ

भोपाल।
मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी भोपाल में शुक्रवार को ‘ड्रोन तकनीक कार्यशाला एवं एक्सपो-2025’ का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों, स्टार्टअप्स और युवा इनोवेटर्स ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा आधुनिक ड्रोन तकनीक पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने हाल ही में हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए बताया कि भारतीय ड्रोन तकनीक ने अपनी क्षमता और सटीकता से दुनिया को चौंका दिया है। उन्नत ड्रोन सिस्टम की मदद से भारत ने दुश्मन को उसकी सीमा के भीतर ही घुसकर जवाब दिया, जो देश की तकनीकी आत्मनिर्भरता और सामरिक शक्ति का प्रमाण है।
मौके पर संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि
“यह अत्यंत प्रसन्नता की बात है कि मध्यप्रदेश के युवा ड्रोन तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। राज्य सरकार ने इस क्षेत्र में स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के उद्देश्य से Drone Policy लागू की है, जिससे अनुसंधान, उत्पादन और प्रशिक्षण को नई गति मिलेगी।”
कार्यक्रम में कृषि, आपदा प्रबंधन, सुरक्षा, निगरानी और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में ड्रोन के बढ़ते उपयोग पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने बताया कि आने वाले वर्षों में ड्रोन इंडस्ट्री देश की अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
मध्यप्रदेश सरकार ने आश्वस्त किया कि वह विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव प्रयास जारी रखेगी, ताकि राज्य ‘ड्रोन टेक्नोलॉजी हब’ के रूप में उभर सके।
कार्यक्रम का समापन ड्रोन प्रदर्शन और स्टार्टअप प्रदर्शनी के साथ हुआ, जिसमें अत्याधुनिक तकनीक का सीधा प्रदर्शन किया गया और प्रतिभागियों ने इसे नजदीक से देखा।
