कार्तिक–अनन्या की ‘तू मेरी मैं तेरा…’ बॉक्स ऑफिस पर लड़खड़ाई, दिन भी कमाई रही सुस्त

कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी’ रिलीज के साथ ही जिस तरह की उम्मीदों के साथ आई थी, बॉक्स ऑफिस पर वह अब तक वैसा कमाल नहीं दिखा पाई है। 25 दिसंबर को सिनेमाघरों में उतरी यह फिल्म शुरुआती दिनों से ही संघर्ष करती नजर आ रही है और अब आठवें दिन के आंकड़े देखकर मेकर्स की टेंशन और बढ़ गई है।
ट्रैकिंग वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक नए साल की छुट्टी के बावजूद गुरुवार को फिल्म सिर्फ 1.35 करोड़ रुपये ही कमा सकी। इसके साथ ही फिल्म का कुल घरेलू कलेक्शन 30.2 करोड़ रुपये तक पहुंच पाया है, जो बड़े स्टारकास्ट और त्योहार के सीजन के हिसाब से काफी कमजोर माना जा रहा है।
फिल्म को लेकर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया भी इसकी धीमी रफ्तार की एक वजह मानी जा रही है। जहां कुछ लोग कार्तिक और अनन्या की केमिस्ट्री को पसंद कर रहे हैं, वहीं कहानी और ट्रीटमेंट को लेकर बड़ी संख्या में दर्शक खासा उत्साहित नहीं दिख रहे।
अब देखना दिलचस्प होगा कि वीकेंड पर यह फिल्म कोई उछाल दिखा पाती है या फिर बॉक्स ऑफिस पर इसका संघर्ष यूं ही जारी रहता है।
