“छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून

download

पिछले 24 घंटे में अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज

छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। सितंबर के दूसरे पखवाड़े में भी इसकी रफ्तार धीमी नहीं हुई है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के उत्तर और मध्य भागों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। साथ ही, कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सरगुजा और बिलासपुर संभाग में कुछ जगहों पर बारिश ने जोरदार रूप लिया। इस बीच दुर्ग में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दो सिस्टम से बढ़ा असर

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पूर्वी झारखंड में 3.1 किलोमीटर ऊंचाई पर एक ऊपरी चक्रवात सक्रिय है, जबकि पूर्वी विदर्भ में 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला दूसरा सिस्टम बना हुआ है। इन दोनों प्रणालियों के असर से प्रदेशभर में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

इन जिलों में सतर्कता जरूरी

महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, जीपीएम, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा बना हुआ है। वहीं बस्तर, बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव और गरियाबंद में मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed