नरेला होली मिलन उत्सव: मंत्री श्री सारंग ने सुभाष और महामाई मंडल में नागरिकों को दी रंगोत्सव की शुभकामनाएँ

TN5-Bhopal090326094547
Share this post

नरेला विधानसभा में होली मिलन उत्सव का आयोजन सोमवार को सुभाष मंडल एवं महामाई मंडल द्वारा भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग मुख्य रूप से सम्मिलित हुए और उपस्थित नागरिकों को होली तथा रंगपंचमी की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर मंत्री श्री सारंग ने कहा कि नरेला केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि एक परिवार है, जहाँ हर त्योहार आपसी प्रेम, विश्वास और उत्साह के साथ मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि नरेला परिवार की यही एकजुटता और आत्मीयता इसे विशेष बनाती है।

मंत्री श्री सारंग ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि प्रत्येक वर्ष लाखों बहनें उन्हें रक्षासूत्र बाँधकर अपना स्नेह और आशीर्वाद प्रदान करती हैं। यही प्रेम और विश्वास नरेला को एक सशक्त परिवार के रूप में जोड़ता है और इसी भावना के साथ यहाँ सभी पर्व-त्योहार मिल-जुलकर उत्साहपूर्वक मनाए जाते हैं। कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री सारंग ने रहवासियों के साथ फूलों की होली खेली और उपस्थित जनसमुदाय पर पुष्पवर्षा कर रंगोत्सव की खुशियाँ साझा कीं।फूलों की होली के बीच नरेला में दिखी वृंदावन की झलक

कार्यक्रम के दौरान फूलों की होली और पारंपरिक फाग गीतों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उत्सव में विशेष आकर्षण जोड़ा। स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक फाग गीतों की सुमधुर प्रस्तुति दी, वहीं राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजे कलाकारों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। फूलों की वर्षा, भक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच नरेला का वातावरण मानो वृंदावन की होली का अनुभव करा रहा था। पूरे कार्यक्रम के दौरान नागरिकों में उत्साह और आनंद का अद्भुत माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *