पुराना स्मार्टफोन भी चलेगा नए जैसा, ये आसान टिप्स अपनाते ही तूफान जैसी हो जाएगी स्पीड

mobile-photo

कुछ समय तक इस्तेमाल के बाद अक्सर स्मार्टफोन स्लो हो जाते हैं। खासकर पुराने मोबाइल फोन में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है। फोन की स्पीड कम होने से न सिर्फ ऐप्स धीरे खुलते हैं, बल्कि हैंग और लैग जैसी दिक्कतें भी शुरू हो जाती हैं। दरअसल, लंबे समय तक यूज करने पर फोन में कई ऐसी फाइलें, फोटो, वीडियो और ऐप्स जमा हो जाते हैं, जिनकी हमें जरूरत नहीं होती। यही गैर-जरूरी डेटा फोन की परफॉर्मेंस पर भारी पड़ता है। हालांकि, कुछ आसान टिप्स अपनाकर आप अपने पुराने फोन को भी लगभग नए जैसा फास्ट बना सकते हैं।

सबसे पहले ध्यान रखें कि फोन में सिर्फ जरूरी ऐप्स और फाइल्स ही रखें। जिन ऐप्स, फोटो या वीडियो का इस्तेमाल नहीं हो रहा है, उन्हें तुरंत डिलीट या अनइंस्टॉल कर दें। इससे न सिर्फ स्टोरेज खाली होगी, बल्कि बैकग्राउंड में चलने वाली एक्टिविटीज भी कम होंगी, जिससे फोन की स्पीड बेहतर होगी।

इसके अलावा होम स्क्रीन पर ज्यादा विजेट्स रखने से बचें। ज्यादा विजेट्स स्क्रीन ऑन होते ही डेटा लोड करने लगते हैं, जिससे प्रोसेसर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। बेहतर होगा कि होम स्क्रीन को साफ रखें या सिर्फ जरूरी विजेट्स ही इस्तेमाल करें।

फोन की परफॉर्मेंस को और बेहतर बनाने के लिए डेवलपर ऑप्शन का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें जाकर बैकग्राउंड प्रोसेस लिमिट को कम या ‘नो बैकग्राउंड प्रोसेस’ पर सेट करने से फोन तेजी से काम करने लगता है। साथ ही एनिमेशन स्केल और ड्यूरेशन को कम करने से भी फोन ज्यादा स्मूद महसूस होता है।

ऑपरेटिंग सिस्टम को हमेशा अपडेटेड रखना भी बेहद जरूरी है। कंपनी द्वारा दिए गए अपडेट्स में नए फीचर्स के साथ-साथ बग्स और ग्लिच को भी ठीक किया जाता है, जिससे फोन की ओवरऑल परफॉर्मेंस बेहतर होती है। साथ ही ऐप्स को हमेशा गूगल प्ले स्टोर या ऐपल ऐप स्टोर से ही डाउनलोड या अपडेट करें, ताकि मालवेयर का खतरा न रहे।

अगर फोन की स्पीड बहुत ज्यादा स्लो हो चुकी है और कोई उपाय काम नहीं कर रहा, तो आखिरी विकल्प के तौर पर फैक्ट्री रिसेट किया जा सकता है। हालांकि, इससे पहले जरूरी डेटा का बैकअप लेना न भूलें, क्योंकि फैक्ट्री रिसेट से फोन का पूरा डेटा डिलीट हो जाता है। इन आसान उपायों से आपका पुराना स्मार्टफोन भी फिर से तेज और स्मूद चलने लगेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed