बच्चों की सुरक्षा के लिए Meta ने लाया नया AI टूल, इंस्टाग्राम पर कम उम्र के यूजर्स पर रखेगा नजर

insta-logo
Share this post

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम आज के समय में बेहद लोकप्रिय है, और हर उम्र के लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, कम उम्र के बच्चों के लिए इस प्लेटफॉर्म का उपयोग सुरक्षित नहीं माना जाता है। इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी Meta को कई सरकारी एजेंसियां जांच के दायरे में ले रही हैं, जिनका आरोप है कि यह ऐप बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। कुछ देशों में बच्चों के लिए पहले से इंस्टाग्राम के उपयोग के नियम बनाए गए हैं। हाल ही में, ऑस्ट्रेलिया ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव भी रखा है।

इस बीच, Meta ने एक ब्लॉग पोस्ट में घोषणा की है कि वह एक नए AI-पावर्ड टूल पर काम कर रहा है, जो यह जांचने में मदद करेगा कि कोई यूजर अपनी उम्र को लेकर झूठ तो नहीं बोल रहा है। इस टूल का नाम ‘एडल्ट क्लासिफायर’ है, और इसका उद्देश्य कम उम्र के बच्चों को इंस्टाग्राम के अनुचित उपयोग से बचाना है।

कैसे काम करेगा एडल्ट क्लासिफायर फीचर?

Meta के अनुसार, एडल्ट क्लासिफायर यह पहचानने में सक्षम होगा कि कोई यूजर वयस्क है (18 साल या उससे अधिक) या किशोर (13 से 17 साल के बीच)। यह टूल ऑटोमेटिक तरीके से उपयुक्त प्राइवेसी सेटिंग्स लागू करेगा। यह AI मॉडल यूजर की प्रोफाइल की जानकारी जैसे- अकाउंट कब बनाया गया था, किस तरह का कंटेंट साझा किया जा रहा है, और अन्य यूजर्स के साथ इंटरेक्शन का विश्लेषण करेगा। अगर एआई को लगेगा कि यूजर की उम्र 18 साल से कम है, तो वह उस अकाउंट को टीन अकाउंट में बदल देगा।

एडल्ट क्लासिफायर यह भी सुनिश्चित करेगा कि अगर कोई किशोर यूजर है, तो उसका अकाउंट प्राइवेट हो और अजनबियों को उसे मैसेज भेजने से रोका जा सके। Meta ने पहले से ही कुछ सेटिंग्स को इस तरह अपडेट किया है कि बच्चे इन प्राइवेसी सेटिंग्स को अपने माता-पिता की अनुमति के बिना न बदल सकें।

अगर गलत तरीके से अकाउंट बैन हो जाए तो क्या करें?

अगर एडल्ट क्लासिफायर गलती से किसी अकाउंट को पहचान कर उसे बैन कर देता है, तो यूजर Meta से इसे हटाने की अपील कर सकता है। इसके लिए यूजर को अपनी सरकारी आईडी या फिर अपनी सेल्फी अपलोड करनी होगी, जिससे उम्र की सही पहचान हो सके।

इस तरह Meta का यह AI-पावर्ड टूल इंस्टाग्राम पर बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देगा और उन्हें उचित ऑनलाइन अनुभव प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *