मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से मिली बड़ी राहत, उज्ज्वला योजना का गैस कनेक्शन पाकर खिल उठा परिवार का चेहरा

छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर सामने आ रही है। हेल्पलाइन के जरिए दर्ज होने वाली शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जा रहा है, जिससे जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ तेजी से पहुंच रहा है। हाल ही में सरगुजा जिले से सामने आया एक मामला इस व्यवस्था की प्रभावशीलता का उदाहरण बन गया, जहां एक शिकायत के बाद पात्र परिवार को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया गया।
सरगुजा जिले के मैनपाट विकासखंड के ग्राम नर्मदापुर की निवासी श्रीमती जगेश्वरी यादव ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत अब तक गैस कनेक्शन नहीं मिला है। शिकायत दर्ज होते ही जिला प्रशासन और संबंधित विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने बिना देरी किए संबंधित गैस एजेंसी और विभागीय रिकॉर्ड की जांच की ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
जांच के दौरान संबंधित अधिकारी नैतिक भारत गैस ग्रामीण वितरक, विजलहवा पहुंचे और पूरे मामले की विस्तृत पड़ताल की। आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया तथा पंचनामा तैयार कर संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए गए। जांच के समय शिकायतकर्ता घर पर मौजूद नहीं थीं, लेकिन उनके पति दयाशंकर यादव ने अधिकारियों को जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराए। आधार कार्ड और विभागीय रिकॉर्ड की जांच में यह सामने आया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत इस परिवार का गैस कनेक्शन पहले ही स्वीकृत हो चुका था, लेकिन किसी कारणवश उसका लाभ परिवार तक नहीं पहुंच पाया था।
स्थिति स्पष्ट होने के बाद अधिकारियों ने आवश्यक औपचारिकताएं तत्काल पूरी कराईं और मौके पर ही दयाशंकर यादव को गैस कनेक्शन उपलब्ध करा दिया। इस त्वरित कार्रवाई से परिवार की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हो गया। गैस कनेक्शन मिलने के बाद परिवार ने खुशी जताते हुए कहा कि अब उन्हें पारंपरिक ईंधन पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और रसोई का काम अधिक सुरक्षित तथा सुविधाजनक हो सकेगा।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत के त्वरित समाधान पर हितग्राही परिवार ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। परिवार का कहना है कि हेल्पलाइन के जरिए उनकी शिकायत को गंभीरता से सुना गया और बिना अनावश्यक देरी के समाधान सुनिश्चित किया गया। इससे आम लोगों का सरकारी व्यवस्था पर भरोसा और मजबूत हुआ है।
राज्य सरकार का प्रयास है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 केवल शिकायत दर्ज करने का माध्यम न होकर नागरिकों और शासन के बीच भरोसे का मजबूत पुल बने। यही कारण है कि विभिन्न विभागों को शिकायतों के समयबद्ध निपटारे के लिए लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंच रहा है और लोगों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता भी कम हो रही है। यह पहल सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों को मजबूत करती है तथा आम नागरिकों के जीवन को आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
