रायपुर : मुख्यमंत्री जशपुर में राज्य स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल

1749916001_7029a767816c3b1f300f

कलेक्टर ने रणजीता स्टेडियम में तैयारियों का लिया जायजा

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आगामी 21 जून को जशपुर नगर में राज्य स्तरीय वृहद योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय स्वयं उपस्थित रहेंगे और आम नागरिकों के साथ योगाभ्यास करेंगे। यह कार्यक्रम रणजीता स्टेडियम, जशपुर में आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने शनिवार को रणजीता स्टेडियम का निरीक्षण कर स्थल की व्यवस्थाओं और प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों और अतिथियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। वर्षा ऋतु को देखते हुए वाटर प्रूफ पंडाल लगाए जाने, पर्याप्त संख्या में योगा मैट की व्यवस्था, अतिथियों के लिए बैठक, पार्किंग एवं बेरिकेडिंग, पेयजल, विद्युत, साउंड सिस्टम एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री व्यास ने बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है। इसके नियमित अभ्यास से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक स्तर पर भी संतुलन विकसित होता है।

इस निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी, अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू, एसडीएम श्री ओंकार यादव एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *