रायपुर : श्रद्धा और उल्लास से भरी स्पेशल ट्रेन से 850 श्रद्धालु हुए अयोध्या धाम के लिए रवाना, हुए भाव-विभोर

1761754502_2a761b69abb270fecfce

बिलासपुर रेलवे स्टेशन बुधवार को भक्ति और उल्लास का केंद्र बन गया जब छत्तीसगढ़ के बिलासपुर संभाग के सभी जिलों से जुटे 850 श्रद्धालु अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए। लंबे अरसे बाद धार्मिक आस्था से भरी इस विशेष यात्रा ने स्टेशन परिसर को भक्तिमय वातावरण में रंग दिया।

अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई इस विशेष ट्रेन को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों ने श्रद्धालुओं का पुष्प-वर्षा से स्वागत किया और उनके मंगलमय यात्रा की कामना की। अनेक यात्री भावविभोर होकर हाथ जोड़कर “जय श्रीराम” और “हर-हर महादेव” के जयकारे लगाए।

इस यात्रा के दौरान यात्रियों को भगवान श्रीरामलला के अयोध्या धाम दर्शन के साथ-साथ वाराणसी में काशी विश्वनाथ जी के दर्शन का भी सुअवसर मिलेगा। श्रद्धालुओं में इस अनोखी यात्रा को लेकर गहरी उत्सुकता और श्रद्धा झलक रही थी। कई बुजुर्ग यात्रियों ने कहा कि यह उनके जीवन की अविस्मरणीय आध्यात्मिक यात्रा होगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड और आईआरसीटीसी की ओर से भोजन, पेयजल, चिकित्सा, आरामदायक यात्रा और सुरक्षा की संपूर्ण व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन और रेलवे अधिकारियों ने व्यक्तिगत रूप से यह सुनिश्चित किया कि हर यात्री को सुविधा और सम्मान मिले।

ट्रेन प्रस्थान के समय स्टेशन पर विदाई जैसा भावुक दृश्य देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की थाप, नारों की गूंज और भक्ति संगीत के बीच ट्रेन धीरे-धीरे आगे बढ़ी तो यात्रियों के चेहरे पर आनंद और भक्ति की झलक साफ दिखाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed