वैश्विक निवेशकों से मुलाकात, म.प्र. की निवेश संभावनाओं पर हुआ संवाद

TN5-Bhopal190126091608

जापान बैंक (JBIC), रिलायंस, जियो स्टार और ब्लूमबर्ग मीडिया के साथ नवकरणीय ऊर्जा, पर्यटन व औद्योगिक सहयोग पर हुआ मंथन

नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला से सोमवार को दावोस में विभिन्न वैश्विक एवं राष्ट्रीय प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भेंट कर प्रदेश की निवेश संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान नवकरणीय ऊर्जा, विनिर्माण, पर्यटन, मीडिया तथा औद्योगिक सहयोग के विविध पहलुओं पर सार्थक संवाद हुआ।

जापान बैंक फॉर इंटरनेशनल कोऑपरेशन

संवाद के दौरान जापान बैंक फॉर इंटरनेशनल कोऑपरेशन (JBIC) के प्रतिनिधि निदेशक एवं कार्यकारी प्रबंध निदेशक श्री हाशियामा शिगेटो के साथ मध्यप्रदेश में JBIC द्वारा समर्थित परियोजनाओं पर चर्चा हुई। साथ ही विनिर्माण क्षेत्र की नीतियों, येन ऋण, सहयोगात्मक टाई-अप, सौर ऊर्जा सहित नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्रों में संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। मंत्री श्री शुक्ला ने प्रदेश की कृषि क्षमता, भूमि की उपलब्धता और समृद्ध प्राकृतिक संसाधनों की जानकारी देते हुए नवकरणीय ऊर्जा, खाद्य प्रसंस्करण, फार्मास्यूटिकल, रसायन एवं वस्त्र उद्योगों में निवेश की व्यापक संभावनाओं की जानकारी दी।

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अधिकारियों के साथ प्रदेश में नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में चल रही एवं संभावित साझेदारियों पर चर्चा की गई। विशेष रूप से चंबल अंचल में बायो-एनर्जी परियोजनाओं को लेकर गहन मंथन हुआ।

जियो स्टार

जियो स्टार के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में मध्यप्रदेश के टूरिस्ट एवं ट्रेवल प्रोजेक्ट के वीडियो और ऑडियो डॉक्यूमेंटेशन की संभावनाओं को तलाशने पर चर्चा हुई। नेशनल जियोग्राफिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों के जरिए प्रदेश की प्राकृतिक और सांस्कृतिक सुंदरता को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने की संभावनाओं पर सहमति बनी।

ब्लूमबर्ग मीडिया

ब्लूमबर्ग मीडिया की प्रबंध निदेशक सुश्री सुनीता राजन के साथ प्रदेश को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय व्यापार तथा नीति जगत के प्रमुख हितधारकों से जोड़ने पर चर्चा की गई। इस अवसर पर अक्टूबर माह में भारत में आयोजित होने वाले ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम में, जहां प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति प्रस्तावित है, मध्यप्रदेश के प्रतिनिधित्व की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।

आईआरईडीए

भारतीय नवकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी (आईआरईडीए) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री प्रदीप कुमार दास ने नवकरणीय ऊर्जा से जुड़े वर्तमान एवं भावी परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। चर्चा के दौरान सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, बायो-एनर्जी सहित अन्य नवकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के क्रियान्वयन, वित्तीय सहयोग तथा भविष्य की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। प्रदेश में स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए आईआरईडीए की भूमिका पर भी चर्चा हुई।

आईआरईडीए को मध्यप्रदेश की अनुकूल नीतियों, पर्याप्त भूमि उपलब्धता एवं निवेश के लिए अनुकूल वातावरण की जानकारी दी गई। इस अवसर पर यह भी कहा गया कि राज्य सरकार नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। दोनों पक्षों ने परस्पर सहयोग को और मजबूत करने तथा मध्यप्रदेश को नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करने पर सहमति व्यक्त की।

टेक महिंद्रा

टेक महिंद्रा के अध्यक्ष श्री हर्षुल असनानी के साथ बैठक कर प्रदेश में कंपनी की संभावित एंट्री एवं विस्तार को लेकर चर्चा की। बैठक का मुख्य फोकस टियर-2 शहरों में आईटी और बीपीओ क्षेत्र के विस्तार के माध्यम से प्रतिभाओं तक बेहतर पहुंच और रोजगार के अवसर सृजित करने पर रहा। चर्चा के दौरान बताया गया कि प्रदेश के शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण संस्थानों के साथ मजबूत समन्वय स्थापित कर कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जा सकता है। इससे स्थानीय युवाओं को आईटी और बीपीओ सेक्टर में बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।

बैठक में बीपीओ एवं आईटी सेगमेंट में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। मध्यप्रदेश के अधिकारियों ने प्रदेश की सुदृढ़ आधारभूत संरचना, बेहतर जीवन गुणवत्ता और कुशल श्रमशक्ति को प्रमुख निवेश आकर्षण के रूप में प्रस्तुत किया। बताया गया कि मध्यप्रदेश आईटी एवं डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में तेजी से उभरता हुआ राज्य है और निवेशकों को अनुकूल नीतिगत वातावरण एवं सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। दावोस में हुए इस संवाद से प्रदेश में तकनीकी निवेश और रोजगार सृजन को नई गति मिलने की उम्मीद है।

एस्सार ग्रुप

एस्सार ग्रुप के साथ हुई उच्च स्तरीय बैठक में राज्य के औद्योगिक विकास और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान एस्सार ग्रुप के श्री अमित बजाज ने राज्य में अक्षय ऊर्जा (रिन्यूएबल एनर्जी), थर्मल परियोजनाओं और अत्याधुनिक डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए संभावित सहयोग पर विचार-विमर्श किया। साथ ही एस्सार ग्रुप ने ईवी (इलेक्ट्रिक वाहन) ट्रक क्षेत्र में अपनी विस्तार योजनाओं को साझा किया। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा राज्य की प्रभावी ईवी नीति के माध्यम से निवेशकों को दिए जा रहे विभिन्न प्रोत्साहनों और रियायतों की जानकारी एस्सार ग्रुप को दी, जिससे राज्य में पर्यावरण के अनुकूल परिवहन और बुनियादी ढांचे को और मजबूती मिल सके।

नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने कहा कि मध्यप्रदेश निवेशकों के लिए अनुकूल नीतियों, स्थिर प्रशासन और संसाधनों की प्रचुरता के कारण तेजी से उभरता निवेश गंतव्य बन रहा है। ऐसे संवाद प्रदेश के सतत विकास और हरित ऊर्जा के लक्ष्यों को गति देने में सहायक सिद्ध होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *