संस्थान की उत्कृष्टता के लिए करें प्रभावी क्रियान्वयन : उच्च शिक्षा मंत्री श्री परमा

TN5-Bhopal130525083339

उच्च शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में उच्च शिक्षा उत्कृष्टता संस्थान भोपाल की सामान्य परिषद की बैठक हुई

उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री श्री इन्दर सिंह परमार की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय स्थित सभाकक्ष में, उच्च शिक्षा उत्कृष्टता संस्थान भोपाल की सामान्य परिषद की बैठक हुई। मंत्री श्री परमार ने संस्थान के समग्र विभाग एवं उत्तरोत्तर उत्थान के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

बैठक में संस्थान के वर्ष 2025-26 के वार्षिक बजट का अनुमोदन किया गया, 11 करोड़ 51 लाख 86 हजार रुपए स्वीकृत किए गए। इसके साथ ही संस्थान के विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न बिंदुवार विषयों पर स्वीकृति प्रदान की गई। संस्थान में आगामी सत्र से तमिल, संस्कृत, मराठी, जर्मन, फ्रेंच तथा जापानी भाषा के प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाने का निर्णय लिया गया। आगामी सत्र से एमबीए, एमएससी कंप्यूटर साइंस, एमएससी फॉरेंसिक साइंस तथा एमए भूगोल प्रारंभ किए जाने की अनुमति प्रदान की गई।

उच्च शिक्षा मंत्री श्री परमार ने संस्थान के अशैक्षणिक तथा रखरखाव संबंधित कार्यों के लिए अशैक्षणिक स्टॉफ का प्रबंधन करने के निर्देश दिए ताकि उन कार्यों का अतिरिक्त भार शिक्षकों पर नहीं आ सके। मंत्री श्री परमार ने संस्थान को डीम्ड यूनिवर्सिटी के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक समस्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए। संस्थान के NIRF में 201 से 300 के बैंड में आने पर संस्थान की सराहना की गई, साथ ही इसमें और बेहतर प्रदर्शन करने को कहा। मंत्री श्री परमार ने संस्थान को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर, उच्च स्थान प्राप्त करने हेतु व्यापक दृष्टिकोण के साथ, समग्र प्रयास किए जाने के भी निर्देश दिए। श्री परमार ने कहा कि देश के अन्य उत्कृष्ट संस्थानों का भ्रमण कर, प्राप्त अनुभवों से अपने संस्थान की उत्कृष्टता के लिए आवश्यक क्रियान्वयन करें। संस्थान को नवीन आयाम देने के लिए नित नई ऊर्जा के साथ विचार मंथन करें और संस्थान को आदर्श संस्थान के रूप में स्थापित कर, अभिप्रेरणा का केंद्र बनाने की दिशा में कार्य करें।

इस अवसर पर संस्थान की ISSN आधारित शोध पत्रिका “IEHE शोधसेतु” के प्रथम अंक का विमोचन भी किया गया।

बैठक में अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा श्री अनुपम राजन, आयुक्त उच्च शिक्षा श्री निशांत बरबड़े एवं संस्थान के निदेशक डॉ. प्रज्ञेश अग्रवाल सहित संस्थान के सामान्य परिषद के विभिन्न सदस्यगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *