अल्लू अर्जुन और त्रिविक्रम फिर साथ, 1000 करोड़ की माइथोलॉजिकल फिल्म से मचाएंगे धमाल

पुष्पा 2 की जबरदस्त सफलता के बाद सुपरस्टार अल्लू अर्जुन ने अपने फैंस को साल खत्म होने से पहले ही बड़ा सरप्राइज दे दिया है। इंडस्ट्री से आ रही खबरों के मुताबिक अल्लू अर्जुन एक बार फिर डायरेक्टर त्रिविक्रम के साथ हाथ मिलाने जा रहे हैं और इस बार यह जोड़ी करीब 1000 करोड़ रुपये के बजट में बनने वाली एक मेगा माइथोलॉजिकल फिल्म लेकर आने वाली है। इस प्रोजेक्ट का आधिकारिक ऐलान जल्द ही किया जा सकता है और इसे भारतीय सिनेमा की अब तक की सबसे भव्य फिल्मों में से एक माना जा रहा है।
अल्लू अर्जुन और त्रिविक्रम की यह साथ में चौथी फिल्म होगी और इससे पहले जब भी दोनों ने साथ काम किया है तब बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों ने उन्हें खूब प्यार दिया है। पुष्पा सीरीज के जरिए अल्लू अर्जुन न सिर्फ साउथ बल्कि पूरे देश के सबसे बड़े सितारों में शामिल हो चुके हैं और अब फैंस उन्हें लगातार बड़े और दमदार प्रोजेक्ट्स में देखना चाहते हैं।
फिल्म से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक त्रिविक्रम ने इस माइथोलॉजिकल फिल्म की कहानी खास तौर पर अल्लू अर्जुन के लिए लिखी है जिसमें दमदार कहानी के साथ बेहद भव्य विजुअल्स देखने को मिलेंगे। यह फिल्म न सिर्फ भारतीय दर्शकों बल्कि ग्लोबल ऑडियंस को भी ध्यान में रखकर बनाई जा रही है और इसका मकसद भारत में माइथोलॉजिकल जॉनर को एक नए स्तर पर ले जाना है। खबरों के अनुसार फिल्म की शूटिंग फरवरी 2027 से शुरू होगी और मेकर्स इसे एक ग्रैंड मुहूर्त इवेंट के साथ लॉन्च करने की तैयारी कर रहे हैं।
इस प्रोजेक्ट को शुरू करने से पहले अल्लू अर्जुन डायरेक्टर एटली की साइंस फिक्शन फिल्म को पूरा करेंगे। पुष्पा 2 के बाद जिस तरह अल्लू अर्जुन की लोकप्रियता देशभर में बढ़ी है उसे देखते हुए माना जा रहा है कि एटली की साई फाई फिल्म और त्रिविक्रम की माइथोलॉजिकल मूवी के बाद उनका कद भारतीय सिनेमा में और भी बड़ा हो जाएगा और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान मिलेगी
