जापान में छाया पुष्पा राज का जलवा, अल्लू अर्जुन ने जापानी में बोले डायलॉग

Untitled-5

साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन ने अपनी हालिया जापान यात्रा के दौरान टोक्यो में जबरदस्त धूम मचा दी। फिल्म पुष्पा 2 द रूल के भव्य जापानी प्रीमियर से पहले आयोजित कार्यक्रम में अल्लू अर्जुन ने प्रशंसकों से सीधे संवाद किया और उन्हें जापानी भाषा में संबोधित कर सभी को चौंका दिया। खास बात यह रही कि उन्होंने फिल्म का एक चर्चित संवाद भी जापानी में बोला, जिस पर मौजूद दर्शक तालियों और जयकारों से झूम उठे।

अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में जापान पहुंचे थे। पुष्पा 2 द रूल जापान में 16 जनवरी 2026 को रिलीज हो चुकी है और फिल्म को लेकर वहां के दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम के दौरान टोक्यो का माहौल पूरी तरह पुष्पा राज के नाम हो गया, जहां बड़ी संख्या में प्रशंसक अल्लू अर्जुन के आइकॉनिक किरदार से प्रेरित पोस्टर और मास्क पहने नजर आए।

इस इवेंट की झलकियां खुद अल्लू अर्जुन और फिल्म निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर साझा की हैं। वीडियो में साफ दिख रहा है कि जापानी दर्शक किस तरह अल्लू अर्जुन का जोरदार स्वागत कर रहे हैं। निर्माताओं ने कैप्शन में लिखा कि जापान में विशेष प्रीमियर के दौरान पुष्पा राज का जुनून देखने लायक है और जापानी दर्शक आइकॉन स्टार पर प्यार और सम्मान बरसा रहे हैं।

कार्यक्रम में रश्मिका मंदाना भी मौजूद रहीं। उन्होंने प्रशंसकों से बातचीत करते हुए फिल्म को लेकर अपनी खुशी जाहिर की और टोक्यो में मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए सभी का धन्यवाद किया। वहीं, अल्लू अर्जुन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इवेंट की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि पुष्पा 2 द रूल आज जापान में रिलीज हो रही है और उन्हें जापानी प्रशंसकों से मिला प्यार बेहद खास लगा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक बड़े पर्दे पर फिल्म का भरपूर आनंद लेंगे।

सुकुमार बी के निर्देशन में बनी पुष्पा 2 द रूल साल 2024 में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई। यह फिल्म 2021 में आई पुष्पा द राइज़ का सीक्वल है, जिसमें अल्लू अर्जुन के साथ रश्मिका मंदाना, फहद फासिल, जगपति बाबू, सुनील और राव रमेश अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। अब प्रशंसकों को पुष्पा फ्रेंचाइज़ी की तीसरी किस्त का भी बेसब्री से इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed