Industrialization के मामले में मोहन यादव, मोदी जी के सच्चे अनुयायी: अमित शाह

mp-img-25-12-25-41856

25 दिसंबर 2025। ग्वालियर में आयोजित ‘अभुदय: मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट’ में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री मोहन यादव की औद्योगिक रणनीति की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस तरह गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए नरेंद्र मोदी ने औद्योगीकरण को नई दिशा दी थी, उसी परंपरा को अब मध्य प्रदेश में मोहन यादव आगे बढ़ा रहे हैं।

अमित शाह ने कहा कि स्ट्रक्चर्ड इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव की अवधारणा की शुरुआत नरेंद्र मोदी ने गुजरात से की थी। ‘वाइब्रेंट गुजरात’ के जरिए निवेश आकर्षित करने का एक वैज्ञानिक और व्यवस्थित मॉडल देश को मिला, जिससे गुजरात में बड़े पैमाने पर औद्योगिक विकास हुआ और दूसरे राज्यों ने भी उससे सीख ली।

उन्होंने कहा कि मोहन यादव ने इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए ‘क्षेत्रीय निवेश कॉन्क्लेव’ की एक नई और दूरदर्शी पहल की है। राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में निवेश समिट आयोजित कर, वहीं निवेश का भूमिपूजन करना संतुलित विकास की दिशा में अहम कदम है। यह मॉडल आने वाले समय में मध्य प्रदेश के लिए लंबे समय तक लाभदायक साबित होगा।

अमित शाह ने कहा कि किसी एक क्षेत्र में 2 लाख करोड़ रुपये का निवेश सुनने में भले छोटा लगे, लेकिन उस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और जनता के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। जब तक राज्य का संतुलित विकास नहीं होगा, तब तक उसकी वास्तविक प्रगति संभव नहीं है। हर क्षेत्र में संभावनाएं हैं, जरूरत उन्हें पहचानने और सही दिशा देने की है।

उन्होंने मालवा, ग्वालियर और चंबल क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि कपास यहां लंबे समय से किसानों की प्रमुख फसल रही है, लेकिन उन्हें उचित मूल्य नहीं मिल पाता था। अब पीएम मित्र पार्क के आने से पारंपरिक क्षेत्रों में निवेश बढ़ा है और कपास एक बार फिर किसानों के लिए लाभकारी फसल बन रही है।

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत उसका भौगोलिक स्थान है। यहां से देश के बड़े हिस्से तक कम लागत में आपूर्ति संभव है। लेकिन इस लाभ का पूरा उपयोग तभी होगा, जब राज्य के सभी हिस्सों में समान रूप से उद्योग विकसित हों। दक्षिण से जुड़े जिले हों, दिल्ली से जुड़े ग्वालियर जैसे क्षेत्र हों या पश्चिमी अंचल के धार और झाबुआ, हर जगह औद्योगिक विकास जरूरी है।

उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ मुख्यमंत्री मोहन यादव ने क्षेत्रीय निवेश समिट की शुरुआत की है, जिसने मध्य प्रदेश के चहुंमुखी और संतुलित विकास की मजबूत नींव रख दी है। अमित शाह ने मुख्यमंत्री को इस पहल के लिए बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed