अमित शाह सहकारिता क्षेत्र की पहली टैक्सी सेवा ‘भारत टैक्सी’ का शुभारंभ

amit-saha
Share this post

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 5 फरवरी 2026 को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में सहकारिता क्षेत्र की पहली टैक्सी सेवा ‘भारत टैक्सी’ का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ विज़न से प्रेरित है और नागरिक-केंद्रित, न्यायसंगत एवं समावेशी मोबिलिटी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

भारत टैक्सी का उद्देश्य सहकारिता मॉडल के माध्यम से ड्राइवरों को सशक्त बनाना और उन्हें रोजगार, सामाजिक सुरक्षा तथा आर्थिक भागीदारी का सीधा लाभ दिलाना है। यह प्लेटफॉर्म पारंपरिक एग्रीगेटर-आधारित मॉडलों से अलग ‘सारथी ही मालिक’ की अवधारणा पर आधारित है, जहां ड्राइवर केवल सेवा प्रदाता नहीं बल्कि स्वामित्व, संचालन और मूल्य सृजन की प्रक्रिया के केंद्र में हैं।

कार्यक्रम के दौरान भारत टैक्सी के सॉफ्ट लॉन्च के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष छह सारथियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्हें शेयर प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे, जिससे सहकारिता आधारित स्वामित्व मॉडल को मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही प्रत्येक सम्मानित सारथी को ₹5 लाख का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा और ₹5 लाख का पारिवारिक स्वास्थ्य बीमा भी दिया जाएगा।

इस अवसर पर संचालन, डिजिटल सशक्तिकरण, सुरक्षा और सेवा वितरण को और मजबूत करने के लिए सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के प्रमुख हितधारकों के साथ नौ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इन समझौतों से प्लेटफॉर्म के तकनीकी ढांचे और उपयोगकर्ता अनुभव को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

भारत टैक्सी बहु-राज्य सहकारी समितियां अधिनियम, 2002 के तहत पंजीकृत देश का पहला सहकारिता-आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है, जिसकी स्थापना 6 जून 2025 को हुई थी। यह शून्य कमीशन और सर्ज-फ्री प्राइसिंग मॉडल पर काम करता है, जिससे यात्रियों को पारदर्शी किराया और ड्राइवरों को उनकी मेहनत का पूरा लाभ मिलता है।

प्लेटफॉर्म महिला सशक्तिकरण पर भी विशेष जोर देता है। ‘सारथी दीदी’ और ‘बाइक दीदी’ जैसी पहलों के माध्यम से महिला सुरक्षा और रोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है और अब तक 150 से अधिक महिला ड्राइवर इससे जुड़ चुकी हैं। इसके अलावा ड्राइवरों के लिए स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा, सेवानिवृत्ति बचत योजनाएं और समर्पित सहायता केंद्र जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

तेजी से विस्तार कर रहा भारत टैक्सी नेटवर्क अब तक तीन लाख से अधिक ड्राइवरों और एक लाख से अधिक पंजीकृत यूज़र्स को जोड़ चुका है। दिल्ली-एनसीआर और गुजरात में प्रतिदिन 10,000 से अधिक राइड्स पूरी की जा रही हैं और करीब ₹10 करोड़ की राशि सीधे ड्राइवरों तक पहुंचाई जा चुकी है। आने वाले दो वर्षों में इस प्लेटफॉर्म को देश के सभी राज्यों और प्रमुख शहरों तक विस्तार देने का लक्ष्य रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *