भारत में रिटेल विस्तार की ओर Apple का बड़ा कदम, मुंबई के बोरिवली में खुलेगा छठा स्टोर

apple
Share this post

दुनिया भर में लोकप्रिय iPhone बनाने वाली कंपनी Apple भारत में अपने रिटेल नेटवर्क का तेजी से विस्तार कर रही है। कंपनी जल्द ही मुंबई के बोरिवली में अपना नया फिजिकल स्टोर शुरू करने की तैयारी में है। यह देश में एपल का छठा स्टोर होगा। हाल ही में कंपनी ने नोएडा में अपना पांचवां स्टोर लॉन्च किया था, जिससे उत्तर भारत में उसकी मौजूदगी और मजबूत हुई है।

एपल के सीईओ Tim Cook ने दिसंबर तिमाही के नतीजों की घोषणा के दौरान भारत में और स्टोर खोलने के संकेत दिए थे। उन्होंने बताया था कि कंपनी ने दिसंबर तिमाही में रिकॉर्ड राजस्व दर्ज किया और भारत में उसका रेवेन्यू डबल डिजिट ग्रोथ के साथ बढ़ा है। पिछले वर्ष देश में एपल की लगभग 1.4 करोड़ iPhone यूनिट्स की शिपमेंट हुई, जिससे कंपनी का मार्केट शेयर बढ़कर करीब नौ प्रतिशत पर पहुंच गया। इससे पहले यह लगभग सात प्रतिशत था।

मुंबई में एपल का पहला स्टोर बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित जियो वर्ल्ड ड्राइव मॉल में खोला गया था। इसके अलावा कंपनी के स्टोर दिल्ली के साकेत, बेंगलुरु और पुणे में भी संचालित हो रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी हैदराबाद में भी नया स्टोर खोलने की योजना बना रही है, जिससे दक्षिण भारत में उसकी पकड़ और मजबूत होगी।

भारत में iPhone 17 सीरीज को ग्राहकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है, वहीं iPhone 16 सीरीज की बिक्री भी मजबूत बनी हुई है। रिटेल स्टोर्स की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ नो कॉस्ट ईएमआई जैसे आसान फाइनेंसिंग विकल्पों ने भी बिक्री को गति दी है। कंपनी ने भारत में अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता का विस्तार किया है और पिछले कुछ वर्षों में 50 अरब डॉलर से अधिक मूल्य के मेड इन इंडिया iPhones का निर्यात किया है। एपल की यह रणनीति भारतीय बाजार में उसकी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है और आने वाले समय में रिटेल सेक्टर में प्रतिस्पर्धा को और तेज कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *