बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप आज से शुरू, सिंधु के बिना खिताब बचाने उतरेगी भारतीय महिला टीम

Badminton
Share this post

चीन के किंगदाओ में बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप का छठा संस्करण आज से शुरू हो रहा है, जिसमें एशिया की पुरुष और महिला राष्ट्रीय टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारतीय टीम भी अपनी चुनौती पेश करेगी, हालांकि महिला टीम को इस बार बड़ा झटका लगा है क्योंकि दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने प्रतियोगिता से नाम वापस ले लिया है।

भारतीय महिला टीम को ग्रुप वाई में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला चौथी वरीयता प्राप्त थाईलैंड और म्यांमार की टीम से होगा। महिला टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलित संयोजन देखने को मिलेगा। टीम में तन्वी शर्मा, उन्नति हुड्डा और मालविका बंसोड़ जैसे सिंगल्स खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि डबल्स में त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी टीम की मजबूत दावेदार मानी जा रही है।

वहीं भारतीय पुरुष टीम को ग्रुप सी में रखा गया है, जहां उसे चौथी वरीयता प्राप्त जापान और सिंगापुर की टीम से चुनौती मिलेगी। पुरुष टीम की जिम्मेदारी स्टार खिलाड़ियों लक्षय सेन, एचएस प्रणय और किदांबी श्रीकांत पर होगी। इसके अलावा डबल्स में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी टीम के लिए अहम भूमिका निभाएगी।

भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमें अपने अभियान की शुरुआत कल से करेंगी। भारतीय महिला टीम पिछले संस्करण में खिताब जीत चुकी है और इस बार भी टीम से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *