बिहार में युवाओं के लिए रोजगार मिशन शुरू, नीतीश सरकार का एक करोड़ नौकरियों का वादा जमीन पर उतारने की
बिहार की एनडीए सरकार अब युवाओं को रोजगार देने के अपने बड़े वादे को अमल में लाने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पांच साल के भीतर राज्य के एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए एक अहम प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही यह साफ हो गया है कि आने वाले समय में सरकार की प्राथमिकता युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करना है।
चुनाव के दौरान किए गए इस वादे को अब सरकार ने ठोस योजना का रूप देना शुरू कर दिया है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रही एनडीए सरकार का फोकस अब आईटी सेक्टर, सेवा क्षेत्र और कौशल आधारित उद्योगों पर है, जहां बड़े पैमाने पर रोजगार की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। सरकार का मानना है कि आधुनिक तकनीक और सेवाओं से जुड़े क्षेत्रों में निवेश बढ़ाकर राज्य के युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर रोजगार उपलब्ध कराया जा सकता है।
सरकारी स्तर पर तैयार की जा रही रणनीति के तहत निजी निवेश को प्रोत्साहन देने, स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने और युवाओं को स्किल ट्रेनिंग से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। इससे न सिर्फ नौकरी के नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि स्वरोजगार को भी मजबूती मिलेगी। सरकार का दावा है कि आने वाले समय में बिहार के युवाओं के लिए आईटी और सेवा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जॉब के अवसर खुलेंगे, जिससे पलायन पर भी रोक लगेगी।
इस पहल के जरिए नीतीश सरकार यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि युवाओं का भविष्य उसकी प्राथमिकता में सबसे ऊपर है और रोजगार के मोर्चे पर किए गए वादों को सिर्फ घोषणा तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारा जाएगा।
