विकसित भारत के संकल्पों को सिद्ध करने वाला बजट: मुख्यमंत्री मोहन यादव

mp-cm-image-21-9-24-5
Share this post

1 फरवरी 2025। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2025-26 को विकसित भारत के संकल्पों को सिद्ध करने वाला बताया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रस्तुत इस बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह कल्याणकारी, सर्वस्पर्शी और समावेशी बजट है, जो देश के गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति के समग्र विकास को प्राथमिकता देता है।

मुख्यमंत्री ने बजट में स्टार्टअप्स, इनोवेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को शामिल किए जाने को नवोन्मेषी दृष्टि का परिचायक बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट अंत्योदय की भावना को सशक्त बनाते हुए, भारत को आत्मनिर्भर और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने में सहायक होगा।

मध्यम वर्ग के लिए बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री ने बजट में 12 लाख रुपए तक की वार्षिक आय को कर मुक्त करने के निर्णय को अभिनंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि बीते एक दशक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने समृद्धि के नए आयाम स्थापित किए हैं, जिसमें देश के मध्यम वर्ग का परिश्रम और सामर्थ्य महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि यह निर्णय मध्यम वर्ग की आशाओं और आकांक्षाओं को उड़ान देने के साथ उन्हें सशक्त बनाने में निर्णायक सिद्ध होगा।

मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का हार्दिक अभिनंदन करते हुए कहा कि 140 करोड़ देशवासियों के कल्याण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के लिए यह बजट मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *