नवा रायपुर में विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले कार्यमंत्रणा समिति की बैठक, डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में मंथन

अटल नगर, नवा रायपुर स्थित नवीन विधानसभा भवन में विधानसभा के प्रथम सत्र के शुभारंभ से पूर्व विधानसभा कार्यमंत्रणा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता माननीय विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने की। बैठक का उद्देश्य आगामी विधानसभा के शीतकालीन सत्र के सुचारू और प्रभावी संचालन को लेकर आवश्यक रणनीति और कार्यसूची पर विचार-विमर्श करना था।
बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप सहित विधानसभा के माननीय सदस्य और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर शीतकालीन सत्र से जुड़े प्रमुख विषयों, विधायी कार्यों, प्रश्नकाल, शासकीय विधेयकों और सदन की कार्यवाही के बेहतर संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि नई विधानसभा केवल एक आधुनिक भवन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के लोकतांत्रिक मूल्यों और विकास की सोच का प्रतीक है। उन्होंने सभी सदस्यों से अपेक्षा जताई कि सदन की कार्यवाही गरिमापूर्ण, सकारात्मक और जनहित से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित रहे, ताकि आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरा जा सके।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव और संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने भी सत्र को सार्थक और परिणामोन्मुखी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष के साथ समन्वय बनाकर प्रदेश के विकास, जनकल्याण और नीतिगत सुधारों से जुड़े मुद्दों पर सदन में स्वस्थ चर्चा के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक के दौरान इस बात पर भी सहमति बनी कि नई विधानसभा भवन में आधुनिक सुविधाओं और नई कार्यप्रणाली के माध्यम से विधायी कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
नेताओं ने एक स्वर में कहा कि नई विधानसभा, नई सोच और नई ऊर्जा के साथ छत्तीसगढ़ को एक विकसित राज्य बनाने के संकल्प को पूरी दृढ़ता और प्रतिबद्धता के साथ साकार किया जाएगा। यह सत्र राज्य के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
