समुद्र के नीचे केबल नेटवर्क से भारत को अमेरिका से जोड़ेगा गूगल, 15 अरब डॉलर का निवेश
डिजिटल कनेक्टिविटी को नई मजबूती देने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए गूगल ने घोषणा की है कि वह अगले पांच वर्षों में 15 अरब डॉलर का निवेश कर समुद्र के भीतर नए केबल नेटवर्क के जरिए भारत को अमेरिका से जोड़ेगा। इस अवसंरचना परियोजना को अमेरिका-इंडिया कनेक्ट नाम दिया गया है, जिसका उद्देश्य वैश्विक डिजिटल और एआई कनेक्टिविटी को और मजबूत बनाना है।
इस पहल के तहत विशाखापट्टणम में समुद्र के भीतर एक नया अंतरराष्ट्रीय गेटवे स्थापित किया जाएगा। साथ ही भारत को सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया से जोड़ने के लिए समुद्र के अंदर तीन नए मार्ग और चार रणनीतिक फाइबर ऑप्टिक मार्ग भी बनाए जाएंगे।
नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुंदर पिचाई ने कहा कि यह पहल भारत, अमेरिका और दक्षिणी गोलार्ध के कई क्षेत्रों के बीच एआई आधारित कनेक्टिविटी को नई गति देगी। उन्होंने भारत में एआई के क्षेत्र में तेज प्रगति की उम्मीद भी जताई।
उन्होंने बताया कि कंपनी स्वास्थ्य सेवाओं में भी तकनीक का विस्तार कर रही है और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स के साथ साझेदारी में ऐसे एआई टूल्स विकसित किए जा रहे हैं, जिनकी मदद से मरीज अपनी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे और डॉक्टरों की सहायता के लिए स्वचालित रिपोर्ट तैयार की जा सकेगी।
