स्क्वैश वर्ल्ड कप 2025: भारत ने रचा इतिहास, हांगकांग को 3-0 से हराकर जीता पहला खिताब

202512153607517-1-1536x1024

चेन्नई में आयोजित एसडीएटी स्क्वैश वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में भारतीय टीम ने टॉप सीड हांगकांग, चीन को 3-0 से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने पहली बार स्क्वैश वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया और एशिया का पहला देश बना जिसने यह उपलब्धि हासिल की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए इसे देश के लिए गौरव का क्षण बताया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि जोशना चिनप्पा, अभय सिंह, वेलवन सेंथिल कुमार और अनाहत सिंह ने अद्भुत लगन और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया है। उनकी इस जीत से देशभर के युवाओं में स्क्वैश के प्रति रुचि और बढ़ेगी।

फाइनल मुकाबले में अनुभवी खिलाड़ी जोशना चिनप्पा ने पहले मैच में हांगकांग की का यी ली को 3-1 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद भारत के नंबर-1 पुरुष खिलाड़ी अभय सिंह ने एलेक्स लाउ को 3-0 से मात देकर स्कोर 2-0 कर दिया। निर्णायक मैच में 17 वर्षीय युवा स्टार अनाहत सिंह ने टोमाटो हो को 3-0 से हराकर भारत की जीत पक्की कर दी।

पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा। ग्रुप स्टेज में भारत ने स्विट्जरलैंड और ब्राजील को 4-0 से हराया। क्वार्टर फाइनल में दक्षिण अफ्रीका और सेमीफाइनल में दो बार के डिफेंडिंग चैंपियन मिस्र को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। खास बात यह रही कि भारत ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं गंवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed