Indigo के शेयर 3% से ज्यादा टूटे, 300 उड़ानें रद्द—DGCA ने कंपनी से मांगा जवाब

बिजनेस डेस्कः गुरुवार को एविएशन सेक्टर की दिग्गज कंपनी इंडिगो (IndiGo) के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में इंटरग्लोब एविएशन का शेयर 3.31% टूटकर ₹5,407.30 पर आ गया, जबकि पिछला बंद भाव ₹5,592.50 था। ट्रेडिंग सेशन में कुल 0.21 लाख शेयरों की खरीद-फरोख्त हुई और लगभग ₹13.07 करोड़ का कारोबार दर्ज किया गया। इसके साथ ही कंपनी का मार्केट कैप घटकर ₹2.14 लाख करोड़ रह गया।
स्टॉक चार्ट के अनुसार, इंडिगो के शेयर 5, 10, 20, 50, 100 और 200 दिनों के मूविंग एवरेज से नीचे कारोबार कर रहे हैं। साल की शुरुआत से अब तक शेयर में 20.66% की तेजी रही है और पिछले एक वर्ष में 26% रिटर्न मिला है। बावजूद इसके, मौजूदा गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।
क्यों टूटा इंडिगो का शेयर?
रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी परिचालन संबंधी चुनौतियों का सामना कर रही है। पिछले दो दिनों में इंडिगो के नेटवर्क पर बड़ा असर पड़ा है, जिसके चलते लगभग 250–300 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। एयरलाइन ने बताया कि उड़ान रद्द होने और देरी की वजह कई ऑपरेशनल मुद्दों का एक साथ सामने आना है।
इंडिगो ने कहा कि अगले 48 घंटों के लिए शेड्यूल में समायोजन किए जा रहे हैं ताकि स्थिति को सामान्य किया जा सके। प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानें या रिफंड की सुविधा दी जा रही है।
इन कारणों से बढ़ी परेशानी:
- छोटी-मोटी तकनीकी दिक्कतें
- विंटर शेड्यूल में बदलाव
- प्रतिकूल मौसम
- एयरपोर्ट्स पर भारी भीड़
- क्रू रोस्टरिंग के नए नियम
कंपनी के मुताबिक, इतनी बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होना संभावित नहीं था, लेकिन परिस्थितियां अचानक बिगड़ गईं।
DGCA ने मांगा विवरण
उड़ानों के बड़े पैमाने पर रद्द होने को गंभीरता से लेते हुए DGCA ने इंडिगो से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। नियामक ने एयरलाइन से पूछा है कि इतनी अधिक उड़ानें क्यों रद्द की गईं और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या प्लान बनाया गया है
