मार्च 2026 में 18 दिन बंद रहेंगे बैंक, होली से लेकर महावीर जयंती तक जानें पूरी छुट्टियों की लिस्ट

फरवरी का महीना समाप्ति की ओर है और अब मार्च 2026 की शुरुआत होने जा रही है। ऐसे में अगर आप बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम करने की योजना बना रहे हैं, तो पहले मार्च महीने की बैंक छुट्टियों की जानकारी जरूर देख लें। कई बार लोग जरूरी काम लेकर बैंक पहुंचते हैं, लेकिन छुट्टी होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ता है। इस असुविधा से बचने के लिए पहले से योजना बनाना बेहद जरूरी है।
भारतीय रिजर्व बैंक की आधिकारिक अवकाश सूची के अनुसार मार्च 2026 में अलग-अलग राज्यों में कुल 18 दिन बैंक बंद रहेंगे। इन छुट्टियों में साप्ताहिक अवकाश, दूसरे और चौथे शनिवार के साथ-साथ विभिन्न राज्यों के प्रमुख त्योहार भी शामिल हैं। मार्च की शुरुआत 1 मार्च, रविवार से होगी और इस दिन पूरे देश में साप्ताहिक अवकाश रहेगा। इसके बाद 2 मार्च को होलिका दहन के अवसर पर उत्तर प्रदेश में बैंक बंद रहेंगे। 3 मार्च को होली के कारण दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और पंजाब सहित करीब 15 राज्यों में बैंकिंग सेवाएं ठप रहेंगी। कुछ राज्यों में 4 मार्च को भी होली के दूसरे दिन बैंक बंद रह सकते हैं।
महीने के दूसरे सप्ताह में 8 मार्च को रविवार का अवकाश रहेगा। 13 मार्च को मिजोरम में चापचर कुट पर्व के चलते बैंक बंद रहेंगे। 14 मार्च को दूसरे शनिवार और 15 मार्च को रविवार होने के कारण पूरे देश में बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी। 17 मार्च को जम्मू और श्रीनगर में शब-ए-कद्र के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे। 19 मार्च को गुड़ी पड़वा, उगादी और नवरात्रि के आरंभ के कारण महाराष्ट्र सहित 11 राज्यों में अवकाश रहेगा।
20 मार्च को ईद-उल-फितर के मौके पर देशभर में बैंक बंद रहेंगे। इसके अगले दिन 21 मार्च को रमजान ईद और सरहुल पर्व के कारण कुछ राज्यों में अवकाश रहेगा। 22 मार्च को रविवार होने से फिर से साप्ताहिक अवकाश रहेगा। 26 मार्च को श्रीराम नवमी के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे और 27 मार्च को कुछ स्थानों पर राम नवमी के बाद दशमी के कारण अवकाश घोषित किया गया है। 28 मार्च को चौथा शनिवार और 29 मार्च को रविवार होने से बैंक बंद रहेंगे। महीने के अंत में 31 मार्च को श्री महावीर जयंती के अवसर पर लगभग 15 राज्यों में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
हालांकि इन दिनों बैंक शाखाएं बंद रहेंगी, लेकिन ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं है। नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और एटीएम सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। डिजिटल माध्यमों से फंड ट्रांसफर, बिल भुगतान और अन्य जरूरी बैंकिंग कार्य आसानी से किए जा सकते हैं।
मार्च महीने में बैंक छुट्टियों के साथ-साथ शेयर बाजार भी कुल 12 दिन बंद रहेगा। होली, श्रीराम नवमी और श्री महावीर जयंती के दिन बाजार में कारोबार नहीं होगा, जबकि शनिवार और रविवार के कारण अतिरिक्त अवकाश रहेगा। ऐसे में मार्च के दौरान बैंक या बाजार से जुड़े किसी भी जरूरी काम को समय पर निपटाने के लिए छुट्टियों की सूची पहले से देखना समझदारी होगी।
