MP में बच्चों की मौत के बाद ताबड़तोड़ कार्रवाई

छिंदवाड़ा में 10 और पांढर्णा में एक बच्चे की मौत के बाद शनिवार को पूरे मध्यप्रदेश में कोल्ड्रिफ सिरप पर प्रतिबंध लगा दिया गया। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद कार्रवाई तेज हुई और करीब 12 घंटे के भीतर शनिवार देर रात श्रीसन फार्मा और निजी क्लीनिक में दवा लिखने वाले सरकारी डॉक्टर प्रवीण सोनी के खिलाफ छिंदवाड़ा के परासिया थाने में एफआईआर दर्ज की गई। कुछ ही देर बाद पुलिस ने डॉ. सोनी को गिरफ्तार भी कर लिया।
जांच में पता चला कि डॉ. सोनी ने जिन बच्चों का इलाज किया था, उन्हें यही कफ सिरप लिखा गया था। मृत बच्चों के घरों से डॉक्टर का पर्चा भी बरामद हुआ है, जिससे यह मामला और गंभीर हो गया।
इस घटना के बाद केरल सरकार ने भी कोल्ड्रिफ सिरप की बिक्री पर रोक लगा दी है। स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने शनिवार को बताया कि यह फैसला अन्य राज्यों से मिली रिपोर्टों के बाद लिया गया, जिनमें कोल्ड्रिफ सिरप के एक बैच में खामियां पाई गई थीं। हालांकि औषधि नियंत्रण विभाग की प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि वह संदिग्ध बैच केरल में नहीं बेचा गया था। फिर भी जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियातन बिक्री पर रोक लगा दी गई है।
