मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना को बड़ी सफलता, पालघर में दूसरे पहाड़ी टनल का ब्रेकथ्रू पूरा
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना के तहत महाराष्ट्र के पालघर जिले में दूसरे पहाड़ी टनल के सफल ब्रेकथ्रू की घोषणा की। यह उपलब्धि देश की महत्वाकांक्षी बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है।
यह टनल लगभग 454 मीटर लंबी और 14.4 मीटर चौड़ी है, जिसमें बुलेट ट्रेन के अप और डाउन दोनों ट्रैक बनाए जाएंगे। इस अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने परियोजना से जुड़े सभी इंजीनियरों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि भारत की पहली हाई स्पीड रेल परियोजना को पूरी दुनिया देख रही है और इसका निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि पालघर में दूसरे पहाड़ी टनल का ब्रेकथ्रू महज एक महीने के भीतर पूरा कर लिया गया है, जबकि पहला ब्रेकथ्रू इसी साल 2 जनवरी को हुआ था।
रेल मंत्री ने यह भी बताया कि इस परियोजना में इस्तेमाल हो रही कई आधुनिक निर्माण तकनीक और भारी मशीनें भारत में ही निर्मित की गई हैं, जो देश की तकनीकी क्षमता को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि बुलेट ट्रेन परियोजना के गुजरात सेक्शन में अगले वर्ष तक व्यावसायिक संचालन शुरू होने की उम्मीद है। साथ ही वर्ष 2028 तक हाई स्पीड रेल सेवा ठाणे तक पहुंचने और वर्ष 2029 तक मुंबई तक पूरे कॉरिडोर के शुरू होने की संभावना जताई गई है।
इस मौके पर पालघर लोकसभा क्षेत्र से सांसद हेमंत विष्णु सवरा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस टनल ब्रेकथ्रू से जिले के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि हाई स्पीड रेल कॉरिडोर, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और प्रस्तावित वधवन पोर्ट जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स से पालघर समेत पूरे क्षेत्र में तेज विकास हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2014 के बाद महाराष्ट्र में रेलवे निवेश में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे परियोजनाओं के पूरा होने की गति तेज हुई है और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
