नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में पूजा रानी और जादुमणि सिंह की दमदार जीत, लवलीना और अमित पंघाल को मिली करीबी सफलता

rhr

ग्रेटर नोएडा स्थित गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी में चल रही एलीट पुरुष और महिला राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में मंगलवार को कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। इस दौरान वर्ल्ड चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता पूजा रानी और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जादुमणि सिंह ने अपने मुकाबले आसानी से जीत लिए, जबकि ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन और कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन अमित पंघाल को कड़ी टक्कर के बाद जीत मिली।

हरियाणा की पूजा रानी ने 75 से 80 किलो भार वर्ग में चंडीगढ़ की अंजू को 5–0 के एकतरफा फैसले से हराया। वहीं 50 से 55 किलो वर्ग में जादुमणि सिंह ने तमिलनाडु के आर. पार्थिबन के खिलाफ दूसरे राउंड में रेफरी स्टॉपेज के जरिए मुकाबला अपने नाम किया।

लवलीना बोरगोहेन को असम की सावीटी ने कड़ी चुनौती दी, लेकिन आखिरकार लवलीना ने 3–2 के स्प्लिट डिसीजन से जीत दर्ज की। पुरुष वर्ग में सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड का प्रतिनिधित्व कर रहे अमित पंघाल ने हरियाणा के प्रियांशु को भी 3–2 के करीबी अंतर से मात दी।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत के कई शीर्ष मुक्केबाज हिस्सा ले रहे हैं। महिला वर्ग में मौजूदा विश्व चैंपियन जैसमीन, पूर्व विश्व चैंपियन नीतू घनघस और एशियन गेम्स कांस्य विजेता प्रीति पवार मुकाबले खेल रही हैं। वहीं पुरुष वर्ग में वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल्स के स्वर्ण विजेता हितेश और सचिन, रजत पदक विजेता अभिनाश जमवाल और एशियन गेम्स कांस्य पदक विजेता नरेंद्र बरवाल भी रिंग में अपना दमखम दिखा रहे हैं।

यह पहला मौका है जब पुरुष और महिला राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप एक ही वेन्यू पर साथ-साथ आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता में देशभर से 600 से ज्यादा बॉक्सर 10-10 भार वर्गों में हिस्सा ले रहे हैं।

जो खिलाड़ी ओलंपिक भार वर्गों में पदक जीतेंगे, उन्हें नेशनल ट्रेनिंग कैंप के लिए आमंत्रित किया जाएगा, जबकि गैर-ओलंपिक भार वर्गों में केवल स्वर्ण और रजत पदक विजेताओं को ही चुना जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed