सद आतंकी हमले के शहीदों को देश की श्रद्धांजलि, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने किया नमन

Untitled-4

राष्ट्र आज संसद आतंकी हमले में शहीद हुए वीर सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। 13 दिसंबर 2001 को संसद पर हुए आतंकवादी हमले के दौरान देश की रक्षा करते हुए सुरक्षाबलों ने अद्वितीय साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया तथा सर्वोच्च बलिदान दिया।

उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, जितेंद्र सिंह, किरेन रिजिजू और अर्जुन राम मेघवाल ने संसद भवन में शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी सहित कई सांसदों ने भी शहीदों को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी संसद हमले में शहीद हुए बहादुर सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में उन्होंने कहा कि राष्ट्र उन नायकों के साहस, वीरता और बलिदान को नमन करता है, जिनकी कर्तव्यनिष्ठा भारत की राष्ट्रीय चेतना को निरंतर प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि देश शहीदों और उनके परिवारों का सदैव ऋणी रहेगा। साथ ही राष्ट्रपति ने आतंकवाद के हर रूप के खिलाफ लड़ने के भारत के दृढ़ संकल्प को दोहराया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शहीद जवानों को याद करते हुए कहा कि देश उन सभी वीरों को स्मरण कर रहा है, जिन्होंने वर्ष 2001 में संसद पर हुए जघन्य आतंकी हमले के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि भीषण खतरे के बीच उनका साहस, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा अनुकरणीय थी। देश उनके सर्वोच्च बलिदान के लिए सदैव कृतज्ञ रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed