पीएम मोदी का भारतीय समुदाय को संदेश, भारत-मलेशिया संबंधों को बताया एशिया की प्रगति का आधार

Untitled-1
Share this post

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए भारत और मलेशिया के रिश्तों की गहराई और मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत की सफलता मलेशिया की प्रगति से जुड़ी हुई है और दोनों देशों का विकास पूरे एशिया की उन्नति में अहम भूमिका निभाता है। पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय को दोनों देशों के बीच एक “जीता-जागता पुल” बताते हुए कहा कि मलेशिया में भारतीय मूल के लोगों की दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी आबादी है, जो भारत और मलेशिया के दिलों को जोड़ती है।

प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को मलेशिया पहुंचे। कुआलालंपुर एयरपोर्ट पर मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। खास बात यह रही कि दोनों नेता एक ही कार में कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे, जो उनके आपसी संबंधों की करीबी को दर्शाता है। पीएम मोदी के स्वागत में बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग जुटे थे और करीब 800 कलाकारों ने पारंपरिक शास्त्रीय और लोक नृत्यों के जरिए उनका अभिनंदन किया।

कार्यक्रम स्थल पर जैसे ही प्रधानमंत्री मोदी मंच पर पहुंचे, पूरा माहौल ‘मोदी-मोदी’ के नारों से गूंज उठा। लोगों ने तालियों और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने तमिल भाषा और संस्कृति की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि तमिल समाज ने अपने कौशल और प्रतिभा से मानवता की सेवा की है और गर्व के साथ यह भी बताया कि भारत के उपराष्ट्रपति, विदेश मंत्री, वित्त मंत्री और सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री जैसे कई प्रमुख नेता तमिलनाडु से आते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ अपनी पुरानी दोस्ती का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अनवर इब्राहिम के प्रधानमंत्री बनने से पहले से ही दोनों के बीच मित्रता है और पिछले साल आसियान शिखर सम्मेलन में न आ पाने के बावजूद उन्होंने जल्द मलेशिया आने का वादा किया था, जिसे अब पूरा किया है। उन्होंने इसे 2026 की अपनी पहली विदेश यात्रा बताते हुए कहा कि त्योहारों के समय यहां आकर उन्हें बेहद खुशी हो रही है।

अपने चुटीले अंदाज में पीएम मोदी ने अनवर इब्राहिम के गाने के शौक का भी जिक्र किया, जिससे मंच पर हल्का-फुल्का माहौल बन गया और मलेशियाई प्रधानमंत्री भी मुस्कुराते नजर आए। पीएम मोदी ने मलेशिया में नेताजी सर्विस सेंटर और नेताजी वेलफेयर फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यहां भारतीय परंपराओं को सदियों से संजोकर रखा गया है। उन्होंने बताया कि मलेशिया में 500 से अधिक स्कूल ऐसे हैं जहां भारतीय भाषाओं में शिक्षा दी जाती है।

वहीं, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने भी भारतीय समुदाय के उत्साह और प्रेम की सराहना की। उन्होंने पीएम मोदी को अपना करीबी मित्र बताते हुए कहा कि वह उनके संघर्ष और राजनीतिक यात्रा के साक्षी रहे हैं और भारत के प्रधानमंत्री का मलेशिया आना उनके लिए सम्मान और गर्व की बात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *