संत गुरु रविदास जी के प्रकाश पर्व पर जालंधर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदला

Untitled-5

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पंजाब के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लन में संत गुरु रविदास जी की 649वीं प्रकाश पर्व के अवसर पर मत्था टेककर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पद्मश्री संत निरंजन दास और उनके शिष्यों ने प्रधानमंत्री का आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया। प्रधानमंत्री की मौजूदगी से डेरा परिसर श्रद्धा और उत्साह के माहौल से भर गया।

डेरा पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब को एक बड़ी सौगात देते हुए आदमपुर हवाई अड्डे का नाम बदलकर ‘श्री गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा, आदमपुर’ करने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन भी किया। प्रधानमंत्री ने इसे पंजाब के विकास और कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बताया।

डेरा में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार समाज के हर वर्ग को साथ लेकर विकास की यात्रा को आगे बढ़ा रही है और संत गुरु रविदास जी की शिक्षाएं सामाजिक समरसता और समानता का मार्ग दिखाती हैं।

केंद्रीय बजट पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज संसद में पेश किए गए बजट में पंजाब के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि उद्योग, खासकर लघु और मध्यम उद्यमों को मजबूती देने पर सरकार का फोकस है। प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते से पंजाब के होजरी, खेल सामग्री और अन्य पारंपरिक उद्योगों के लिए नए अंतरराष्ट्रीय बाजार खुलेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्योगपतियों से आह्वान किया कि वे वैश्विक बाजार की मांग के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाले भारतीय उत्पाद तैयार करें। उन्होंने कहा कि इससे न केवल पंजाब बल्कि पूरे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और भारत उस औद्योगिक गौरव को फिर से हासिल कर सकेगा, जो ब्रिटिश शासन से पहले देश की पहचान हुआ करता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed