अम्मान में गूंजे “मोदी मोदी” के नारे, पीएम मोदी की जॉर्डन यात्रा से द्विपक्षीय रिश्तों को नई दिशा

PM-MODI -

जॉर्डन की राजधानी अम्मान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भारतीय समुदाय द्वारा जोरदार और भावनात्मक स्वागत किया गया। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने “मोदी मोदी” और “भारत माता की जय” के नारों के साथ प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। होटल पहुंचने पर पीएम मोदी ने लोगों से मुलाकात की, बच्चों से बातचीत की और सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आनंद लिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस आत्मीय स्वागत के लिए भारतीय समुदाय का आभार जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि अम्मान में भारतीयों द्वारा दिया गया स्नेह उन्हें गहराई से छू गया है। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीयों का भारत की प्रगति पर गर्व और सांस्कृतिक जुड़ाव भारत और जॉर्डन के बीच मजबूत संबंधों को दर्शाता है।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अम्मान पहुंचने पर जॉर्डन के प्रधानमंत्री जाफर हसन ने हवाई अड्डे पर उनका विशेष रूप से स्वागत किया। पीएम मोदी ने इसके लिए धन्यवाद देते हुए विश्वास जताया कि उनकी यह यात्रा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई देगी।

प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय दौरे पर जॉर्डन पहुंचे हैं। यह यात्रा किंग अब्दुल्ला द्वितीय इब्न अल हुसैन के निमंत्रण पर हो रही है और 37 वर्षों बाद भारत और जॉर्डन के बीच एक पूर्ण द्विपक्षीय यात्रा मानी जा रही है। यह दौरा भारत–जॉर्डन कूटनीतिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हो रहा है।

अपने प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री मोदी जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय, प्रधानमंत्री जाफर हसन और क्राउन प्रिंस अल हुसैन बिन अब्दुल्ला द्वितीय से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में दोनों देशों के बीच राजनीतिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और क्षेत्रीय मुद्दों सहित संपूर्ण द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की जाएगी।

यह यात्रा भारत और जॉर्डन के बीच सहयोग के नए क्षेत्रों को तलाशने, आपसी विकास और समृद्धि को बढ़ावा देने तथा क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता के प्रति साझा प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed