भोपाल में 31 मई को होगा पीएम मोदी का मेगा महिला सम्मेलन, तैयारियों में जुटीं 1000 महिला भाजपा कार्यकर्ता

modi-pm-24-11-24-63

23 मई 2025। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान में एक भव्य महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस ऐतिहासिक आयोजन की जिम्मेदारी पूरी तरह से महिलाओं के हाथ में होगी। सम्मेलन की तैयारियों में भाजपा की लगभग 1000 महिला कार्यकर्ताओं को तैनात किया गया है, जो विभिन्न व्यवस्थाओं की कमान संभालेंगी।

यह कार्यक्रम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद प्रधानमंत्री मोदी का पहला भोपाल दौरा होगा, जिसे पार्टी विशेष महत्व दे रही है। सम्मेलन का आयोजन पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर किया जा रहा है और इसकी थीम ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विजन पर आधारित होगी।

हर मंडल से चयनित होंगी महिला नेता
भाजपा ने भोपाल के 31 मंडलों से प्रत्येक में 35 सक्रिय महिला कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की है, जो अपनी-अपनी टीमों का नेतृत्व करेंगी। इसमें बूथ समितियों, मंडल समितियों, महिला पार्षदों और अन्य अनुभवी महिला कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है। ये महिलाएं यातायात, मंच व्यवस्था, जलपान, भोजन, बैठने की सुविधा, प्रवेश, पास वितरण और स्वागत जैसे सभी अहम दायित्व निभाएंगी।

सम्मेलन में दो लाख महिलाओं के शामिल होने की संभावना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा देवी अहिल्याबाई होल्कर के योगदान को सम्मान देने और महिला सशक्तिकरण के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से हो रहा है। शर्मा ने कहा, “सम्मेलन में लगभग दो लाख महिलाएं शामिल होंगी, जिनमें स्वरोजगार से जुड़ी महिलाएं, स्वयं सहायता समूह की सदस्य और विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय ‘नारी शक्ति’ भाग लेंगी।”

प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई अहम बैठक
सम्मेलन की तैयारियों को लेकर प्रदेश भाजपा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, मंत्री विश्वास सारंग, विधायक भगवान दास सबनानी, महापौर मालती राय समेत भोपाल भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।

रानी अहिल्याबाई होल्कर का आत्मनिर्भर भारत विजन रहेगा केंद्र में
भविष्य की तैयारियों पर प्रकाश डालते हुए वीडी शर्मा ने कहा, “यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री की महिला सशक्तिकरण की सोच और विकसित भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने का प्रतीक बनेगा। यह आयोजन रानी अहिल्याबाई होल्कर के आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को समर्पित होगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed