रायपुर को मिली बड़े फ्लाईओवर प्रोजेक्ट की मंजूरी, पांच लाख यात्रियों को जाम से राहत मिलेगी

Untitled-3

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के लाखों यात्रियों को रोजाना मिलने वाली जाम की समस्या जल्द खत्म होने जा रही है। उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव की पहल पर शहर को लंबे समय से प्रतीक्षित फ्लाईओवर परियोजना की आखिरकार मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना से शहर के सबसे व्यस्त मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

लोक निर्माण विभाग ने जीई रोड पर गुरु तेगबहादुर उद्यान से नेताजी सुभाष चौक और गुरुनानक चौक तक फ्लाईओवर निर्माण के लिए 173 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। यह फ्लाईओवर रायपुर के सबसे भीड़भाड़ वाले हिस्से में बनाया जाएगा, जहां रोजाना हजारों वाहन चलते हैं।

ट्रैफिक जाम का स्थायी समाधान
फ्लाईओवर बनने के बाद नगर घड़ी चौक, केनाल रोड और गुरुनानक चौक के पुराने ट्रैफिक जाम की समस्या लगभग पूरी तरह समाप्त होने की उम्मीद है। नगर घड़ी चौक से आने वाले वाहन सीधे तेलीबांधा तक बिना रुकावट पहुंच सकेंगे। स्थानीय वाहनों का संचालन नीचे की सड़क से किया जाएगा, जिससे दोनों स्तरों पर ट्रैफिक सुगम होगा।

विशेषकर एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को इस परियोजना का बड़ा लाभ मिलेगा। अटल एक्सप्रेस-वे का सीधा फायदा ट्रैफिक को तेज और सुगम बनाएगा, जिससे पीक आवर्स में भी जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

फुंडहर और पीटीएस चौक पर भी नए फ्लाईओवर
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने राजधानी के संपूर्ण ट्रैफिक नेटवर्क को आधुनिक बनाने के लिए फुंडहर चौक और पीटीएस चौक पर भी फ्लाईओवर निर्माण की तैयारी शुरू कर दी है। फुंडहर फ्लाईओवर पहले ही स्वीकृत किया जा चुका है, जबकि पीटीएस चौक फ्लाईओवर को अगले वित्तीय वर्ष के बजट में शामिल किया जाएगा।

पांच लाख लोगों को मिलेगा लाभ
इन तीनों फ्लाईओवर्स के बन जाने पर रायपुर रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट तक का मार्ग लगभग सिग्नल-फ्री कॉरिडोर में बदल जाएगा। इससे करीब पांच लाख यात्रियों को रोजाना राहत मिलने की उम्मीद है। शहर में तेज, सुरक्षित और बिना जाम वाला यातायात ढांचा तैयार होगा, जिसका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिलेगा।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुसार—
“इन परियोजनाओं से राजधानी रायपुर में यात्रायात व्यवस्था पूरी तरह बदल जाएगी और लाखों लोग जाम की समस्या से मुक्त होंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *