देशभर में मनाई जा रही है संत रविदास जयंती, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी शुभकामनाएं

preshdent
Share this post

आज देशभर में संत रविदास जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जा रही है। संत रविदास 14वीं शताब्दी के महान संत, समाज सुधारक और उत्तर भारत में भक्ति आंदोलन के प्रमुख प्रवर्तकों में से एक थे। उनकी जयंती हिंदू पंचांग के अनुसार माघ माह की पूर्णिमा तिथि यानी माघ पूर्णिमा के दिन मनाई जाती है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित श्री गुरु रविदास जन्मस्थान मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं और भक्ति भाव से कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं।

संत रविदास ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से समाज में समानता, प्रेम और सामाजिक न्याय का संदेश दिया। उनके विचारों ने जाति, भेदभाव और असमानता के विरुद्ध आवाज उठाई और मानवता को सर्वोपरि माना। आज भी उनके विचार समाज को एकजुट करने और समरसता का मार्ग दिखाने का कार्य कर रहे हैं।

संत रविदास जयंती के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि गुरु रविदास एक महान संत और समाज सुधारक थे, जिन्होंने अपने उपदेशों के माध्यम से समानता, सामाजिक न्याय और प्रेम का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास के विचार सदैव प्रासंगिक रहेंगे और मानव मूल्यों को अपनाने की दिशा में हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे। राष्ट्रपति ने सभी नागरिकों से गुरु रविदास की शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *