अंडर-19 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में इंग्लैंड का दबदबा, ऑस्ट्रेलिया को 27 रन से हराकर फाइनल में बनाई जगह

s
Share this post

आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 27 रन से शिकस्त दी और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। यह मुकाबला मंगलवार को क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया, जहां इंग्लिश टीम ने दबाव भरे मैच में हर विभाग में बेहतरीन खेल दिखाया। अब इंग्लैंड 6 फरवरी को खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले में भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से भिड़ेगा।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 277 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। हालांकि शुरुआत इंग्लैंड के लिए अच्छी नहीं रही और महज 3 रन के कुल स्कोर पर बेन डॉकिन्स का विकेट गिर गया। इसके बाद बेन मेयस और जोसेफ मूर्स ने दूसरे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन टीम 60 रन तक पहुंचते-पहुंचते तीन विकेट गंवा चुकी थी।

यहां से कप्तान थॉमस रेव और कैलेब फाल्कनर ने पारी को संभालते हुए चौथे विकेट के लिए 135 रन की अहम साझेदारी की। कप्तान थॉमस रेव ने शानदार शतक जड़ते हुए 107 गेंदों में 110 रन बनाए, जिसमें 14 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। फाल्कनर ने भी 40 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि फरहान अहमद 28 रन बनाकर नाबाद लौटे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से हेडन शिलर और नादेन कूरे ने दो-दो विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 47.3 ओवरों में 250 रन पर सिमट गई। शुरुआत में ही टीम ने 47 रन तक दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कप्तान ओलिवर पीक और नितेश सैमुअल ने तीसरे विकेट के लिए 62 रन जोड़कर उम्मीद जगाई। ओलिवर पीक ने शानदार शतक लगाते हुए 88 गेंदों में 100 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके। इंग्लैंड की ओर से सेबेस्टियन मॉर्गन, जेम्स मिंटो, मैनी लुम्सडेन और राल्फी अल्बर्ट ने दो-दो विकेट लेकर जीत की नींव रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *