उत्तराखंड के कई जिलों में सुबह कोहरे का असर, दिन में धूप से मौसम सुहाना
उत्तराखंड के कई जिलों में सुबह के समय कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल और चंपावत जिलों के कुछ हिस्सों में सुबह घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही चटक धूप खिलने से मौसम सुहाना हो रहा है और लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से शुक्रवार को हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के लिए कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में सुबह के समय कोहरा अधिक घना रह सकता है, जिससे सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ने की आशंका है। वहीं अन्य पहाड़ी और मैदानी जिलों में भी सुबह-शाम हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग का कहना है कि दिन में धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड का असर बरकरार रहेगा। लोगों को कोहरे के दौरान सतर्क रहने और यात्रा करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
