विनेश फोगाट ने संन्यास का फैसला लिया वापस, 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक की तैयारी का ऐलान

Untitled-3

भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट ने अपने संन्यास के फैसले को पलटते हुए एक बार फिर कुश्ती के अखाड़े में वापसी का ऐलान किया है। उन्होंने घोषणा की है कि वह 2028 में होने वाले लॉस एंजेलिस ओलंपिक के लिए दोबारा प्रशिक्षण शुरू करेंगी। यह घोषणा उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट के जरिए की।

विनेश फोगाट ने अपने संदेश में लिखा कि लंबे समय बाद उन्होंने खुद को रुककर सांस लेने और अपने पूरे सफर को समझने का मौका दिया। उन्होंने अपने करियर के उतार-चढ़ाव, सफलताओं, निराशाओं और बलिदानों को याद किया। इसी आत्ममंथन के दौरान उन्हें यह अहसास हुआ कि कुश्ती के प्रति उनका प्यार आज भी वैसा ही है और प्रतिस्पर्धा की आग अब भी उनके भीतर मौजूद है।

उन्होंने कहा कि यह जज्बा कभी खत्म नहीं हुआ था, बल्कि थकान और बाहरी शोर के नीचे दब गया था। अनुशासन, दिनचर्या और संघर्ष उनकी रगों में है और चाहे वह कितनी भी दूर चली जाएं, उनका एक हिस्सा हमेशा मैट पर ही रहा।

विनेश ने आगे बताया कि इस बार उनका सफर और भी खास है, क्योंकि इस रास्ते पर वह अकेली नहीं चलेंगी। उनका बेटा अब उनकी टीम का हिस्सा होगा और वही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा और छोटा सा चीयरलीडर बनेगा।

गौरतलब है कि विनेश फोगाट ने पेरिस ओलंपिक 2024 के बाद संन्यास की घोषणा की थी। उन्हें स्वर्ण पदक मुकाबले से पहले वजन सीमा से अधिक पाए जाने के कारण अयोग्य घोषित कर दिया गया था। हालांकि, पेरिस ओलंपिक में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान की चार बार की विश्व चैंपियन यूई सुसाकी को हराकर इतिहास रचा और ओलंपिक फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनीं।

उनकी यह वापसी भारतीय खेल जगत के लिए एक बड़ी और प्रेरणादायक खबर मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed