विश्व बैंक अध्यक्ष अजय बंगा बोले, भारत में असाधारण वृद्धि की क्षमता, विकास दर लक्ष्य हासिल करेगा देश

download-19
Share this post

विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा ने कहा है कि भारत ने यह साबित कर दिया है कि वह असाधारण आर्थिक वृद्धि करने में सक्षम है। भुवनेश्वर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने भरोसा जताया कि आर्थिक सर्वेक्षण में अनुमानित विकास दर को भारत निश्चित रूप से हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में भारत में जिस स्तर का निवेश देखने को मिला है, वह वास्तव में सराहनीय है और देश की मजबूत आर्थिक दिशा को दर्शाता है।

अजय बंगा ने कहा कि भारत के पास तेज़ी से आगे बढ़ने की पूरी क्षमता है और सुधारों व निवेश के कारण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि इस सपने को साकार करने के लिए देश में लोगों को बड़े पैमाने पर कौशल प्रशिक्षण देना बेहद जरूरी होगा।

उन्होंने कहा कि हर साल लगभग एक करोड़ बीस लाख युवा रोजगार के लिए तैयार हो रहे हैं। यदि इन युवाओं को सही दिशा में और आधुनिक जरूरतों के अनुसार कौशल प्रशिक्षण दिया जाए, तो उन्हें न केवल अपने राज्य और देश के विभिन्न शहरों, गांवों और कस्बों में, बल्कि विदेशों में भी बेहतर अवसर मिल सकते हैं। अजय बंगा ने कहा कि कुशल मानव संसाधन ही भारत की भविष्य की आर्थिक ताकत बनेगा और यही विकसित भारत की नींव को मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *