आईटीआई धामनोद के विद्यार्थियों ने समझी ट्रांसमिशन नेटवर्क की कार्यप्रणाली

TN5-Bhopal290326050926

औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) धामनोद के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक एवं व्यावहारिक ज्ञान को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी (एम पी ट्रांसको) के 132 केवी सब स्टेशन जैतापुरा-पलासिया का औद्योगिक भ्रमण किया।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को 132 केवी सब स्टेशन जैतापुर पलासिया सहित संपूर्ण ट्रांसमिशन नेटवर्क की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। उन्हें विद्युत पारेषण की प्रक्रिया, अति उच्च दाब (एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज) विद्युत के पारेषण, ट्रांसफॉर्मरों की भूमिका, ट्रांसमिशन नेटवर्क की संरचना एवं नियंत्रण प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

सब स्टेशन के कनिष्ठ अभियंता श्री आत्माराम पटेल ने सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए विद्यार्थियों को विभिन्न उपकरणों जैसे पॉवर ट्रांसफॉर्मर, सर्किट ब्रेकर, आइसोलेटर एवं अन्य महत्वपूर्ण यंत्रों के संचालन और उपयोगिता के बारे में समझाया। साथ ही, उन्होंने विद्युत सुरक्षा के महत्व और कार्यस्थल पर अपनाई जाने वाली सावधानियों पर भी प्रकाश डाला।

विद्यार्थियों ने तकनीकी पहलुओं से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका सरल और व्यावहारिक तरीके से समाधान किया गया। इस औद्योगिक भ्रमण से विद्यार्थियों को विद्युत पारेषण तंत्र की वास्तविक कार्यप्रणाली को निकट से समझने का अवसर मिला, जिससे उनके तकनीकी ज्ञान और कौशल में वृद्धि हुई।

संस्थान के प्राध्यापकों ने इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed