एक भारत-श्रेष्ठ भारत के संकल्प को साकार करने में सभी की सहभागिता आवश्यक : मंत्री श्री परमार

TN5-Bhopal311025020144

सरदार पटेल की दृढ़ इच्छाशक्ति ने भारत को एकसूत्र में बांधा
राष्ट्रीय एकता दिवस पर रन फॉर यूनिटी को झंडी दिखाकर किया रवाना
राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के संकल्प की शपथ दिलाई

उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री श्री इन्दर सिंह परमार ने कहा है कि भारत में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज हर निर्णय ऐसे हो रहे हैं जैसे सरदार वल्लभ भाई पटेल ही फिर से भारत का नेतृत्व करने के लिए खड़े हों। प्रधानमंत्री श्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष 2047 तक विश्व का सबसे समृद्ध एवं विकसित देश बनने का संकल्प लिया है। भारत ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ के अपने दृष्टिकोण के साथ विश्वमंच पर पुनः आगे बढ़ रहा है। मंत्री श्री परमार ने कहा कि भारत पुनः विश्वगुरु बनेगा और हर विधा-हर क्षेत्र में विश्वभर में सिरमौर देश बनेगा। स्वाभिमान के साथ देश को वैश्विक मंच पर सिरमौर बनाने की संकल्पना में सहभागिता करने की आवश्यकता है।

मंत्री श्री परमार ने शुक्रवार को ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ पर शाजापुर जिले के शुजालपुर स्थित माँ शारदा सांदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘रन फॉर यूनिटी’ (एकता दौड़) को झंडी दिखाकर रवाना किया और प्रेरक संबोधन दिया।

मंत्री श्री परमार ने राष्ट्रीय एकता-अखंडता एवं सुरक्षा के संकल्प की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय परिसर में पौध-रोपण भी किया।

उच्च शिक्षा मंत्री श्री परमार ने कार्यक्रम में सहभागी बनने को गौरवपूर्ण बताते हुए प्रदेशवासियों को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान का स्मरण करना और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। मंत्री श्री परमार ने सभी को सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती की शुभकामनाएं देते हुए उनके पुरुषार्थ पर प्रकाश डाला। मंत्री श्री परमार ने बताया कि स्वतंत्रता के उपरांत सभी रियासतों के एकीकरण में सरदार वल्लभ भाई पटेल ने दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया और सभी रियासतों का भारत में विलीनीकरण कर देश को एक सूत्र में पिरोया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed